मुर्शिदाबाद, 01 जुलाई (हि. स.)। जिले के सुति क्षेत्र में बांशलोई नदी में स्नान के दौरान डूबे नाबालिग का शव बुधवार सुबह बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान प्रीतम चक्रवर्ती के रूप में हुई है।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, मंगलवार को प्रीतम चक्रवर्ती और उसका रिश्तेदार आकाश अपने मामा नाड़ू सानाल्य के साथ बांशलोई नदी में स्नान करने गए थे। दोनों बच्चों की उम्र क्रमशः 11 और नौ वर्ष बताई गई है। स्नान के दौरान अचानक दोनों नाबालिग गहरे पानी में डूब गए। घटना के कुछ देर बाद आकाश का शव नदी से निकाल लिया गया, जबकि प्रीतम लापता हो गया था। प्रीतम की तलाश में आपदा प्रबंधन विभाग की टीम ने मंगलवार रात भर नदी में खोज अभियान चलाया, लेकिन रात तक उसका पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह सुति थाना के कादुआ इलाके में स्थानीय लोगों ने नदी में एक शव तैरता हुआ देखा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान प्रीतम चक्रवर्ती के रूप में की।
शव मिलने के बाद सुति थाना की पुलिस ने तुरंत बीरभूम जिले के मुरारई थाने से संपर्क किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
---------------

