रामगढ़, 29 जून (हि.स.)। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिला निर्वाचन कार्यालय रामगढ़ के तत्वावधान में 'मतदाता सूची विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, 2026' के सफल संचालन के लिए दो दिवसीय निर्धारित प्रशिक्षण कार्यक्रम का समापन सोमवार को टाउन हॉल में हुआ।
इस विशेष सत्र में रामगढ़ प्रखंड के 121 वॉलेंटियर्स और दुलमी प्रखंड के 66 वॉलेंटियर्स सहित कुल 187 वॉलेंटियर्स को प्रशिक्षण देकर महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गईं।
यह प्रशिक्षण मुख्य प्रशिक्षक सह उप निर्वाचन पदाधिकारी रविंद्र कुमार गुप्ता की ओर से प्रोजेक्टर के माध्यम से बिंदुवार प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के दौरान उन्होंने बताया कि लोकतंत्र को मजबूत करने के लिए एक त्रुटिहीन और पारदर्शी मतदाता सूची का होना अनिवार्य है। इस पूरे कार्यक्रम में वॉलेंटियर्स ग्राउंड लेवल पर बीएलओ के सहयोगी के रूप में कार्य करेंगे।
प्रशिक्षण सत्र के अंत में सभी वॉलेंटियर्स की शंकाओं का समाधान किया गया और उन्हें पूरी निष्ठा व पारदर्शिता के साथ समय पर कार्यों को पूरा करने का निर्देश दिया गया। इस मौके पर जिला निर्वाचन कार्यालय के कई कनिष्ठ अधिकारी एवं कर्मी मुख्य रूप से उपस्थित थे।
---------------

