अगलगी में दो दुकानें जलकर राख, लाखाें का नुकसान

देवघर, 28 जून (हि.स.)। कुंडा थाना क्षेत्र के कुंडा मोड़ पर रविवार सुबह करीब 4:30 बजे भीषण आग लगने से दो दुकानें जलकर पूरी तरह राख हो गईं। इस हादसे में हार्डवेयर, प्लाई और स्टेशनरी का लाखों रुपये का सामान नष्ट हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है, हालांकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है।

स्थानीय लोगों ने सुबह धुआं और आग की लपटें उठती देख दुकानदारों को मोबाइल पर सूचना दी। सूचना मिलते ही दुकान मालिक मौके पर पहुंचे और अग्निशमन विभाग को घटना की जानकारी दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दमकल की टीम करीब डेढ़ घंटे बाद घटनास्थल पर पहुंची, तब तक दोनों दुकानों में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था। उषा ट्रेड के संचालक संजय कुमार ने बताया कि उनकी हार्डवेयर एवं प्लाई की दुकान में रखा पूरा सामान आग की भेंट चढ़ गया। उन्होंने लगभग 15 से 17 लाख रुपये के नुकसान का अनुमान जताया। उनका कहना है कि यदि दमकल की टीम समय पर पहुंच जाती तो नुकसान काफी कम हो सकता था।

वहीं, बगल में स्थित शिव शक्ति स्टोर के संचालक राजेश गोप ने बताया कि पड़ोसियों से सूचना मिलने पर जब वे दुकान पहुंचे तो अंदर रखा पूरा स्टेशनरी का सामान जलकर राख हो चुका था। आग की सूचना मिलते ही आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग की तीव्रता के कारण सफलता नहीं मिली। बाद में अग्निशमन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल पुलिस और संबंधित विभाग आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच में जुटे हैं। इस अग्निकांड से दोनों दुकानदारों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।

---------------

   

सम्बंधित खबर