वकीलों का पेन डाउन अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू, क्रिमिनल कोर्ट शुरू करने की मांग
- DSS Admin
- Jun 18, 2026
अररिया 18 जून(हि.स.)।
फारबिसगंज सिविल कोर्ट के वकील गुरुवार से अनिश्चितकालीन पेन डाउन हड़ताल पर चले गए हैं।
वकीलों ने न्यायिक कार्यों से अपने को अलग रखा। फारबिसगंज बार एसोसिएशन एवं एडवोकेट एसोसिएशन से जुड़े वकीलों के लगातार धरना प्रदर्शन के बाद संयुक्त रूप से निर्णय के तहत 30 करोड़ की लागत से बने टेन कोर्ट भवन के उद्घाटन के साथ क्रिमिनल कोर्ट शुरू करने की मांग और वकालतखाना निर्माण की मांग को लेकर अनिश्चितकालीन पेन डाउन हड़ताल शुरू की गई है।
फारबिसगंज बार एवं एडवोकेट एसोसिएशन के अधिवक्ताओं की समीक्षा बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय बुधवार को लिया गया था।
अधिवक्ताओं ने कहा कि लंबे समय से फारबिसगंज में क्रिमिनल कोर्ट भवन सहित न्यायिक सुविधाओं की मांग की जा रही है, लेकिन अब तक इस दिशा में अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
अधिवक्ताओं का कहना है कि न्यायालय भवन एवं अधिवक्ताओं के लिए समुचित व्यवस्था नहीं होने से न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है और आम लोगों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अधिवक्ताओं ने मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रखने की बात कही।
इस अवसर पर बार एवं एडवोकेट एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।

