(अपडेट) प्री मानसून की झमाझम बारिश से रांची में मौसम सुहाना, तापमान में गिरावट से गर्मी से राहत
- DSS Admin
- Jun 10, 2026
रांची, 10 जून (हि.स.)। राजधानी रांची में पिछले 10-12 दिनों से प्रचंड गर्मी और उमस के बीच बुधवार की शाम को प्री मानसून की हुई झमाझम बारिश से मौसम काफी सुहाना हो गया। बारिश होने से तापमान में सात से आठ डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। इससे लोगों को भीषण गर्मी और उमस (आद्रता) से काफी राहत मिली।
उल्लेखनीय है कि मौसम विभाग ने 13 से 15 जून के बीच झारखंड में दक्षिणी पश्चिमी मानसून के पहुंचने की जानकारी दी है। मानसून के पहुंचने के पूर्व रांची सहित आसपास के इलाकों में प्री मानसून की बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग ने 11 और 12 जून को भी रांची सहित राज्य के उत्तर-पूर्वी और निकटवर्ती जिलों (धनबाद, बोकारो, कोडरमा, हजारीबाग, रांची, खूंटी और रामगढ) में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने एवं 50 से 60 किमी प्रति घंटे की गति से आंधी चलने की संभावना व्यक्त की है। इसे लेकर विभाग की ओर से ऑरेंज अलर्ट भी जारी किया गया।
पिछले वर्ष मानसून 17 जून को झारखंड में दस्तक दिया था और पूरे राज्य भर में अच्छी बारिश दर्ज की गई थी।
---------------

