झांसी : तीन दिवसीय 69वीं अंतरजनपदीय पुलिस वैज्ञानिक अनुसंधान प्रतियोगिता का शुभारंभ
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
कानपुर जोन के सभी जनपदों के प्रतिभागी कर रहे प्रतिभाग
झांसी, 02 जुलाई (हि.स.)। पुलिस लाइन झांसी में गुरुवार को 69वीं अंतरजनपदीय पुलिस वैज्ञानिक अनुसंधान (फोटोग्राफी, कंप्यूटर, एंटी सबोटॉज चेक एवं वीडियोग्राफी) प्रतियोगिता-2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। तीन दिवसीय इस प्रतियोगिता का उद्घाटन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक झांसी ने फीता काटकर किया। प्रतियोगिता में कानपुर जोन के विभिन्न जनपदों से आए पुलिस अधिकारी और कर्मचारी भाग लेकर अपने तकनीकी एवं वैज्ञानिक कौशल का प्रदर्शन करेंगे।
उद्घाटन अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आधुनिक समय में अपराधों की जांच और पुलिसिंग में वैज्ञानिक अनुसंधान तथा तकनीकी दक्षता की भूमिका लगातार बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं पुलिसकर्मियों की कार्यकुशलता, तकनीकी ज्ञान और व्यावसायिक दक्षता को निखारने का प्रभावी माध्यम हैं। साथ ही उन्होंने सभी प्रतिभागियों से पूरी निष्ठा, अनुशासन और प्रतिस्पर्धात्मक भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लेने का आह्वान किया।
प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागी फोटोग्राफी, कंप्यूटर, एंटी सबोटॉज चेक तथा वीडियोग्राफी जैसी महत्वपूर्ण विधाओं में अपनी विशेषज्ञता का प्रदर्शन करेंगे। इन प्रतियोगिताओं के माध्यम से पुलिस बल में आधुनिक तकनीकों के बेहतर उपयोग, वैज्ञानिक जांच प्रणाली को सुदृढ़ करने तथा आपसी अनुभवों के आदान-प्रदान को बढ़ावा मिलेगा।
यह प्रतियोगिता आगामी तीन दिनों तक चलेगी, जिसमें कानपुर जोन के सभी जनपदों से आए पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल होकर विभिन्न तकनीकी स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। कार्यक्रम के दौरान सहायक पुलिस अधीक्षक आरीबा नोमान, क्षेत्राधिकारी सदर सुश्री प्रिया सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।
पुलिस विभाग का उद्देश्य इस तरह की प्रतियोगिताओं के माध्यम से आधुनिक तकनीकों के उपयोग को बढ़ावा देना और पुलिस बल को वैज्ञानिक एवं तकनीकी दृष्टि से अधिक सक्षम बनाना है, जिससे अपराधों की विवेचना और कानून-व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
---------------

