संभल : शाही जामा मस्जिद की इंतजामियां कमेटी ने एएसआई को लिखा पत्र, दीवार और मुख्य द्वार की मरम्मत कराने की मांग
- DSS Admin
- May 18, 2026

संभल, 18 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद संभल की सदर तहसील क्षेत्र में स्थित शाही जामा मस्जिद की इंतजामियां कमेटी ने भारतीय पुरातत्व विभाग को पत्र भेजा है। पत्र में मस्जिद की जर्जर दीवार और मुख्य द्वार की मरम्मत कराने की मांग की गई है।
यह जानकारी शाही जामा मस्जिद की इंतजामियां कमेटी के अध्यक्ष जफर अली एडवोकेट ने दी। उन्हाेंने साेमवार काे पत्रकारों से बातचीत में बताया कि हमारी मांग है कि शाही जामा मस्जिद का मेन गेट बिल्कुल जर्जर हालत में है और कभी भी कोई अप्रिय घटना घट सकती है, की मरम्मत कराने की अनुमति दें। हमने एएसआई को पत्र में बताया है कि बहुत जल्द बरसात से पहले इसकी मरम्मत करा ली जाए, ताे ठीक हाेगा। मेन गेट के बराबर की दीवार टूट कर गिर गई है और क्षतिग्रस्त है, उसे भी सही करा दिया जाए। इसकी हमने रजिस्ट्री, और ईमेल की है, जिससे कि हम अपनी जिम्मेदारी को पूरा कर सकें। हमारी जिम्मेदारी है कि हम एएसआई को बताए क्या बात है।
इस विषय में भारतीय पुरातत्व विभाग के अधिवक्ता विष्णु कुमार शर्मा ने पत्रकारों से बात करते हुए बताया कि दूसरी कमेटी वाले कहते हैं कि हमने एएसआई को प्रार्थना पत्र दिया है। एएसआई को प्रार्थना पत्र देना बेईमानी है, क्योंकि सुप्रीम कोर्ट और लोअर कोर्ट से सारी प्रोसेसिंग स्टे है। इस पर इसीलिए कोई मरम्मत नहीं की जा सकती है। इससे पहले भी एक प्रार्थना पत्र दिया था, जिसमें इन्होंने ईद से पहले रंगाई-पुताई की मांग की थी , लेकिन एएसआई ने यह कहते हुए ही खारिज कर दिया था कि जहां तक कहते हैं बिल्डिंग खस्ता हालत में है, ऐसा नहीं है। बिल्डिंग का सर्वे भी हो चुका है। न्यायालय में रिपोर्ट भी आ चुकी है कि बिल्डिंग खस्ता हालत में नहीं है। अगर जरूरत महसूस हुई तो एएसआई अपने स्तर से मरम्मत कराएगा। यह एएसआई का रूटीन काम है। जो भी संरक्षित इमारतें हैं, उनकी समय-समय पर मरम्मत, रंगाई-पुताई एएसआई कराती है। इस मामले में सुप्रीम कोर्ट का स्टे है, इसीलिए कोई भी कार्यवाही की जाएगी तो सुप्रीम कोर्ट के आदेश से ही होगी।

