सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस को 350 आधुनिक वाहन, 685 बॉडीकैम मिले

जम्मू, 18 मई (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर ट्रैफिक पुलिस को यातायात निगरानी, प्रबंधन और विनियमन को मजबूत करने के लिए सड़क सुरक्षा उपकरणों से लैस 350 आधुनिक वाहन मिले हैं जिनमें 685 बॉडी-वेर्न कैमरे, इंटरसेप्टर वाहन और गश्ती इकाइयां शामिल हैं। आधुनिक उपकरणों को शामिल करने प्रवर्तन उपायों, जागरूकता अभियानों और सड़क सुरक्षा बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के कारण केंद्र शासित प्रदेश में पिछले तीन वर्षों में दुर्घटनाओं में लगातार गिरावट दर्ज की गई है।

अधिकारियों ने कहा कि प्रवर्तन क्षमताओं में सुधार करने और पूरे जम्मू-कश्मीर में सड़क सुरक्षा उपायों के प्रभावी कार्यान्वयन को सुनिश्चित करने के लिए सड़क सुरक्षा निधि से 350 से अधिक वाहन और 1000 से अधिक प्रवर्तन संपत्तियां खरीदी गई हैं। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार विभाग ने क्षेत्र प्रवर्तन और राजमार्ग प्रबंधन के लिए 213 पल्सर मोटरसाइकिल 69 रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल 19 मोबाइल इंटरसेप्टर वाहन, 16 राजमार्ग गश्ती इनोवा वाहन, सात हाइड्रा क्रेन, 23 क्रेन और तीन टाटा विंगर वाहन खरीदे हैं। यातायात विनियमन और प्रवर्तन कार्यों के दौरान पारदर्शिता और जवाबदेही में सुधार के लिए प्रवर्तन एजेंसियों को 685 बॉडी-वॉर्न कैमरों से भी लैस किया गया है। इसके अलावा विभाग ने 1,625 ट्रैफिक नाइट सेफ्टी बेल्ट 560 आयरन बैरिकेड्स, 687 एलईडी ट्रैफिक बैटन, 687 ट्रैफिक सेफ्टी जैकेट, 437 मूवेबल बैरिकेड्स, 231 फिक्स्ड बैरिकेड्स लोहे की चेन के साथ 562 ट्रैफिक कोन, 64 ब्रीथ अल्कोहल एनालाइजर और 100 फर्स्ट रिस्पॉन्डर किट खरीदे हैं।

अधिकारियों ने कहा कि उल्लंघनकर्ताओं के खिलाफ पारदर्शी और प्रौद्योगिकी-संचालित प्रवर्तन सुनिश्चित करने के लिए यातायात प्रवर्तन एजेंसियां पूरी तरह से 100 प्रतिशत ई-चालान प्रणाली में स्थानांतरित हो गई हैं।

   

सम्बंधित खबर