यूपीटीईटी-2026: 88.77 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने दी परीक्षा, एआई निगरानी में 44 फर्जी परीक्षार्थी गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 04, 2026
प्रयागराज, 04 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 का आयोजन 2, 3 और 4 जुलाई को प्रदेशभर के 955 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण, पारदर्शी और कदाचारमुक्त वातावरण में संपन्न हुआ। यह जानकारी शनिवार को यूपीईएसएससी सचिव संजय कुमार सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि कुल 19,94,661 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 17,70,714 अभ्यर्थियों (88.77 प्रतिशत) ने परीक्षा में भाग लिया।
आयोग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार उच्च प्राथमिक स्तर (कक्षा 6 से 8) की परीक्षा 2 जुलाई की दोनों पालियों तथा 3 जुलाई की प्रथम पाली में आयोजित की गई। इस परीक्षा में 12,11,459 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 10,57,055 (87.25 प्रतिशत) ने उपस्थिति दर्ज कराई।
वहीं प्राथमिक स्तर (कक्षा 1 से 5) की परीक्षा 3 जुलाई की द्वितीय पाली और 4 जुलाई की प्रथम पाली में आयोजित हुई। इसमें 7,83,202 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 7,13,659 (91.12 प्रतिशत) अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। प्राथमिक स्तर पर महिला अभ्यर्थियों की उपस्थिति 90.85 प्रतिशत, जबकि उच्च प्राथमिक स्तर पर 87 प्रतिशत दर्ज की गई।
4 जुलाई को आयोजित प्रथम पाली की परीक्षा में 3,79,316 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3,34,775 (88 प्रतिशत) ने परीक्षा दी।
परीक्षा की शुचिता बनाए रखने के लिए आयोग ने सभी 60 जनपदों में मजिस्ट्रेट एवं वरिष्ठ अधिकारियों को पर्यवेक्षक के रूप में नियुक्त किया था। आयोग मुख्यालय में स्थापित एआई इंटीग्रेटेड कंट्रोल कमांड रूम से सभी परीक्षा केंद्रों की लगातार निगरानी की गई। परीक्षा केंद्रों पर लगाए गए एआई कैमरों के माध्यम से परीक्षार्थियों की गतिविधियों पर भी सतत नजर रखी गई।
एआई ने पकड़ा 44 फर्जी परीक्षार्थी
एआई आधारित सॉफ्टवेयर की सहायता से पहचान सत्यापन के दौरान 44 फर्जी परीक्षार्थियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें 2 जुलाई को 14, 3 जुलाई को 11 तथा 4 जुलाई को 19 अभ्यर्थी दूसरे अभ्यर्थियों के स्थान पर परीक्षा देते हुए पकड़े गए। इसके अतिरिक्त 3 जुलाई को एक अभ्यर्थी परीक्षा कक्ष में मोबाइल फोन से नकल का प्रयास करते हुए पकड़ा गया। सभी आरोपितों के विरुद्ध स्थानीय पुलिस को विधिक कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया है।
आयोग ने बताया कि शिक्षक पात्रता परीक्षा का आयोजन पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी, नकलविहीन, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित वातावरण में संपन्न हुआ। परीक्षा के सफल संचालन में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, सतर्कता विभाग, स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ), केंद्र व्यवस्थापकों, पर्यवेक्षकों तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग के लिए आयोग ने आभार व्यक्त किया।
---------------

