जेकेएएसीएल का 20 दिवसीय समर चिल्ड्रन वर्कशॉप शुरू, 90 बच्चे ले रहे हैं हिस्सा

जेकेएएसीएल का 20 दिवसीय समर चिल्ड्रन वर्कशॉप शुरू, 90 बच्चे ले रहे हैं हिस्सा


जम्मू, 15 जून । जम्मू-कश्मीर कला, संस्कृति एवं भाषा अकादमी (जेकेएएसीएल) ने सोमवार को अपने 20 दिवसीय समर चिल्ड्रन वर्कशॉप का उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया। कार्यक्रम का उद्घाटन अकादमी की अतिरिक्त सचिव सोनाली अरुण गुप्ता ने पारंपरिक दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उद्घाटन समारोह में संजीव गुप्ता (एसओसीए), अनिल टिक्कू (एसीओ), प्रख्यात रंगकर्मी नीरज कांत, कला विशेषज्ञ चंद्रशेखर, नृत्य विशेषज्ञ हिमानी कपूर तथा चित्रकला विशेषज्ञ ज्येष्ठा जम्वाल सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

जेकेएएसीएल द्वारा प्रतिवर्ष आयोजित की जाने वाली यह कार्यशाला बच्चों की रचनात्मकता और प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से संचालित की जाती है। समर वेकेशन के दौरान बच्चों को थिएटर, पेंटिंग और नृत्य जैसी विधाओं में विशेषज्ञों के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण प्रदान किया जाता है।

इस अवसर पर सोनाली अरुण गुप्ता ने प्रतिभागियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की कार्यशालाएं बच्चों को अपनी छुट्टियों का रचनात्मक और सार्थक उपयोग करने का अवसर प्रदान करती हैं। उन्होंने बच्चों को कार्यशाला से अधिकतम लाभ उठाने और अपनी छिपी हुई प्रतिभाओं को पहचानने के लिए प्रेरित किया। इस वर्ष थिएटर कार्यशाला का संचालन वरिष्ठ रंगकर्मी और निर्देशक नीरज कांत कर रहे हैं जिन्हें इस क्षेत्र में चार दशक से अधिक का अनुभव है। पेंटिंग कार्यशाला का नेतृत्व प्रसिद्ध कार्टूनिस्ट एवं मीडिया क्रिएटर चंद्रशेखर कर रहे हैं जबकि उनके साथ फाइन आर्ट्स में स्नातकोत्तर ज्येष्ठा जम्वाल सहयोग कर रही हैं। नृत्य कार्यशाला का संचालन हिमानी कपूर द्वारा किया जा रहा है।

कार्यशाला में विभिन्न स्कूलों के लगभग 90 विद्यार्थी भाग ले रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों के समग्र व्यक्तित्व विकास को बढ़ावा देना तथा उन्हें रचनात्मक अभिव्यक्ति के माध्यम से अपनी प्रतिभा को निखारने का मंच उपलब्ध कराना है। 20 दिनों तक चलने वाली इस कार्यशाला का समापन प्रतिभागियों द्वारा सीखे गए कौशलों की प्रस्तुति के साथ होगा जिसमें बच्चे अपने प्रशिक्षण के दौरान अर्जित अनुभव और प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

   

सम्बंधित खबर