जेएलकेएम ने किया फार्मेसी काउंसिल का घेराव, वार्ता रही विफल
- Admin Admin
- Jul 23, 2025
रांची, 23 जुलाई (हि.स.)। झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (जेएलकेएम) ने बुधवार को झारखंड स्टेट फार्मेसी काउंसिल के रजिस्ट्रार और अन्य चयनित-मनोनीत सदस्यों के खिलाफ बरियातू स्थित काउंसिल कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने शहीद महापुरुषों के जयघोष के साथ करीब चार घंटे तक धरना दिया।
इस दौरान प्रशासन की पहल पर जेएलकेएम पदाधिकारियों की काउंसिल रजिस्ट्रार प्रशांत पांडे से वार्ता हुई, लेकिन बीच वार्ता में ही रजिस्ट्रार उठकर चले गए। इससे वार्ता विफल हो गई। मोर्चा के उपाध्यक्ष देवेंद्रनाथ महतो ने आरोप लगाया कि काउंसिल गैर-सरकारी और गैर-झारखंडियों के नियंत्रण में चल रही है और राज्य के मूलवासियों के अधिकारों की अनदेखी की जा रही है।
जेएलकेएम ने आरोप लगाया कि 13 अप्रैल 2025 को रजिस्ट्रार का कार्यकाल समाप्त हो गया, फिर भी वे पद पर बने हुए हैं। उन्होंने चयनित और मनोनीत सदस्यों की चयन प्रक्रिया की स्वतंत्र जांच और प्रशांत पांडे के सेवा रिकॉर्ड की जांच की मांग की। संगठन ने मांगों पर एक सप्ताह का समय देते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
धरना में देवेंद्रनाथ महतो, दमयंती मुंडा, फुलेश्वर बैठा, विनोद संवासी, सूरज साहू, लीलावती देवी, संजय महतो, रतिया गंझू, अयूब अली, महावीर साहू सहित अन्य शामिल हुए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar



