“क्लीन जम्मू, ग्रीन जम्मू” अभियान की शुरुआत की घोषणा की
- DSS Admin
- May 12, 2026
जम्मू,, 12 मई (हि.स.)।
जम्मू नगर निगम ने शहर को स्वच्छ, हरित और पर्यावरणीय रूप से टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से “क्लीन जम्मू, ग्रीन जम्मू” अभियान की शुरुआत करने की घोषणा की है। इस संबंध में नगर निगम आयुक्त डॉ. देवांश यादव ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर अभियान की रणनीति, स्वच्छता व्यवस्था और जनभागीदारी बढ़ाने पर विस्तृत चर्चा की।
बैठक के दौरान आयुक्त ने बताया कि इस विशेष अभियान के तहत जम्मू शहर के 20 से अधिक तालाबों और जल निकायों की सफाई एवं पुनर्स्थापन कार्य जारी है और आने वाले हफ्तों में इसे और तेज किया जाएगा। इन जल स्रोतों के संरक्षण के लिए स्थानीय निवासियों की समितियां बनाई जाएंगी जो इनकी देखभाल और रखरखाव की जिम्मेदारी संभालेंगी।
डॉ. यादव ने बताया कि आगामी मानसून को ध्यान में रखते हुए शहर के विभिन्न हिस्सों में 40 हजार से अधिक पेड़ और पौधे लगाए जाएंगे। इसके साथ ही नागरिकों की भागीदारी बढ़ाने के लिए ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली भी शुरू की गई है जिसके तहत लोग पौधारोपण अभियान से जुड़ सकते हैं और एक पेड़ को “गोद” ले सकते हैं। हर पेड़ को क्यूआर कोड से जोड़ा जाएगा जिससे उसकी देखभाल की निगरानी की जा सकेगी।
नगर निगम ने यह भी बताया कि खाली स्थानों पर फूलदार और सजावटी पौधे लगाए जाएंगे ताकि शहर की सुंदरता और हरित आवरण बढ़ाया जा सके। वहीं भवन उपविधियों में संशोधन कर अब नागरिकों को ऑनलाइन भवन नक्शे अपलोड करने और स्वयं प्रमाणन की सुविधा दी गई है। इसके अलावा नए भवनों में वर्षा जल संचयन प्रणाली को अनिवार्य कर दिया गया है।
नगर निगम आयुक्त ने नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील करते हुए कहा कि जम्मू को स्वच्छ और हरित शहर बनाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।
---------------

