रांची, 8 अगस्त (हि.स.)। शहीद निर्मल महतो के शहादत दिवस पर झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) रांची जिला समिति ने शुक्रवार को जेल मोड़ स्थित प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। साथ ही उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक प्रमुख मुश्ताक आलम ने की।
मौके पर झामुमो के केंद्रीय महासचिव विनोद कुमार पांडेय ने कहा कि दिवंगत दिशोम गुरु शिबू सोरेन के नेतृत्व में निर्मल महतो ने झारखंड अलग राज्य आंदोलन को जो मजबूती दी, वह अपने मुकाम तक पहुंचा। उन्होंने कहा कि झामुमो ही एकमात्र ऐसी पार्टी है जो सालभर राज्य आंदोलन के सभी योद्धाओं को उनके शहादत दिवस पर नमन करती है, चाहे वे निर्मल महतो हों, विनोद बिहारी महतो हों या अन्य वीर आंदोलनकारी।
वहीं केंद्रीय महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने कहा कि गुरुजी और निर्मल दा की जोड़ी ने कोयलांचल से संथाल परगना, पूर्णिया से बांका और कोल्हान से लेकर ओडिशाा-बंगाल तक जनता के संघर्ष को एक सूत्र में जोड़ा। उन्होंने कहा कि महाजनी शोषण और सूदखोरी के खिलाफ इनका संघर्ष अमिट है। आज हमारी जिम्मेदारी है कि उनके दिखाए मार्ग पर हम आगे बढ़ें, यही सच्ची श्रद्धांजलि होगी। जिला संयोजक प्रमुख मुस्ताक आलम ने भी निर्मल महतो के संघर्षों को याद करते हुए उनके अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में सिल्ली विधायक अमित महतो, अश्विनी शर्मा, पवन जेडीया, डॉ हेमलाल मेहता, अंतू तिर्की, कलाम आजाद, आदिल इमाम, महावीर विश्वकर्मा, डॉ तालकेश्वर महतो, आफताब आलम, अफरोज अंसारी, डॉ बबलू राम सहित बड़ी संख्या में नेता-कार्यकर्ता मौजूद थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Manoj Kumar



