पत्रकार संघ ने निवर्तमान आईजी सुंदरराज को दी विदाई , नवपदस्थ आईजी का किया स्वागत

जगदलपुर, 02 जुलाई (हि.स.)। बस्तर जिला पत्रकार संघ ने आज गुरुवार को बस्तर के निवर्तमान पुलिस महानिरीक्षक (आईजी) सुंदरराज पी. को भावभीनी विदाई दी गई तथा नवपदस्थ आईजी बीएन. मीणा का आत्मीय स्वागत एवं अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर आकाश छिकारा एवं पुलिस अधीक्षक शलभकुमार सिन्हा विशेष रूप से उपस्थित रहे। समारोह में बड़ी संख्या में पत्रकारों, पुलिस अधिकारियों एवं प्रशासनिक अधिकारियों ने भाग लिया।

अपने संबोधन में विदाई ले रहे निवर्तमान पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद के खिलाफ मिली सफलता केवल पुलिस की उपलब्धि नहीं है, बल्कि इसमें पत्रकारों की भी महत्वपूर्ण और सकारात्मक भूमिका रही है। पत्रकारों ने कठिन परिस्थितियों में भी जिम्मेदारी के साथ अपनी भूमिका निभाई, जिससे सही जानकारी लोगों तक पहुंची और विश्वास का माहौल बना। उन्होंने कहा कि वे जहां भी रहेंगे, बस्तर और यहां के लोगों को हमेशा याद करेंगे।

नवपदस्थ बस्तर आईजी बी. एन मीणा ने कहा कि बस्तर अब बदलाव के दौर से गुजर रहा है। नक्सलवाद का प्रभाव लगातार कम हुआ है, और अब विकास को नई गति देने का समय है। उन्होंने कहा कि पुलिस, प्रशासन और पत्रकारों के बीच पहले जैसा समन्वय आगे भी बना रहेगा। सभी मिलकर बस्तर के विकास और शांति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए कार्य करेंगे।

पुलिस अधीक्षक शलभ कुमार सिन्हा ने कहा कि पत्रकार और पुलिस समाज के प्रति अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए हमेशा समन्वय के साथ कार्य करते हैं। इसी आपसी सहयोग और विश्वास का परिणाम है। कि बस्तर में नक्सलवाद जैसी बड़ी चुनौती पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो पाया। उन्होंने भविष्य में भी पत्रकारों के सहयोग की अपेक्षा जताई।

कलेक्टर आकाश छिकारा ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशासन और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय विकास की आधार शिला है। उन्होंने कहा कि आईजी सुंदरराज पी. के कार्यकाल में प्रशासन और पुलिस ने मिलकर दूरस्थ एवं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विकास कायों को गति दी, जिसका सकारात्मक परिणाम आज पूरे बस्तर में देखने को मिल रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि नवपदस्थ आईजी बी. एन मीणा के नेतृत्व में भी यह समन्वय और अधिक मजबूत होगा।

समारोह के दौरान पत्रकार प्रतिनिधियों एवं अन्य वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सभी ने आईजी बी. एन मीणा का बस्तर आगमन पर स्वागत करते हुए सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं, वहीं सुंदरराज पी. के उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

   

सम्बंधित खबर