महाराजा हरि सिंह का अपमान करने वालों को जम्मू-कश्मीर करारा जवाब देगा

जम्मू, 7 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव और जम्मू-कश्मीर प्रभारी तरुण चुघ ने महाराजा हरि सिंह के बारे में नेशनल कॉन्फ्रेंस द्वारा की गई टिप्पणी की कड़ी निंदा की।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के महान शासक महाराजा हरि सिंह जी का योगदान इस क्षेत्र की संस्कृति, इतिहास और पहचान का अभिन्न अंग है। उन्होंने न केवल राज्य की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई बल्कि भारतीय गणराज्य के साथ इसके एकीकरण में भी ऐतिहासिक योगदान दिया।

मीडिया को संबोधित करते हुए चुघ ने महाराजा हरि सिंह की समृद्ध विरासत को कायम रखने के लिए पार्टी की प्रतिबद्धता की पुष्टि की एक ऐसे नेता जिनका जम्मू-कश्मीर के लिए योगदान अद्वितीय है।

चुघ ने इस बात पर जोर दिया कि महाराजा हरि सिंह केवल एक शासक नहीं थे बल्कि एक दूरदर्शी नेता थे जिन्होंने प्रगतिशील सुधारों आधुनिकीकरण और समावेशी शासन का नेतृत्व किया। शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा और प्रशासन में उनके योगदान ने जम्मू-कश्मीर के सामाजिक-आर्थिक परिदृश्य को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

चुग ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ और संकीर्णता से प्रेरित होकर महाराजा हरि सिंह जी का अपमान करना जारी रखते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि इस तरह के हमले न केवल जम्मू-कश्मीर की पहचान का अपमान है बल्कि महाराजा को अपना आदर्श मानने वाले लाखों लोगों की भावनाओं को ठेस पहुँचाने का भी प्रयास है।

चुग ने कहा महाराजा हरि सिंह ने ऐतिहासिक सुधार पेश किए जिससे हाशिए पर पड़े समुदायों के अधिकारों की रक्षा हुई और सामाजिक न्याय को बढ़ावा मिला। उनके धर्मनिरपेक्ष दृष्टिकोण ने क्षेत्र में सांप्रदायिक सद्भाव को बढ़ावा दिया। उनकी विरासत को बदनाम करने का कोई भी प्रयास अस्वीकार्य है और इसे तुरंत वापस लिया जाना चाहिए।

उन्होंने जम्मू-कश्मीर की पहचान को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले ऐतिहासिक नेताओं के योगदान को संरक्षित करने और सम्मान देने के लिए भाजपा की प्रतिबद्धता को दोहराया। 13 जुलाई 1931 की घटना पर बोलते हुए चुघ ने भाजपा के रुख की पुष्टि करते हुए इसे काला दिन और विश्वासघात का दिन कहा। उन्होंने कहा कि पार्टी इतिहास की सच्चाई को कायम रखेगी और इसे विकृत करने के किसी भी प्रयास का मुकाबला करेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

   

सम्बंधित खबर