
भागलपुर, 5 मार्च (हि.स.)। जन सुराज पार्टी द्वारा युवा बिहार उद्घोष यात्रा का शुभारंभ अंग की धरती भागलपुर से बुधवार को किया गया। भागलपुर केज्ञरानी तालाब स्थित जिला कार्यालय में भोजपुरी औश्र अंगिका के प्रसिद्ध गायक सुनील सिंह उर्फ छैला बिहारी के द्वारा यात्रा का शुभारंभ किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना और राष्ट्रगान से किया गया। इस यात्रा का मुख्य उद्देश्य आने वाले समय में बिहार की राजनीति को युवाओं की राजनीति एवं सामाजिक भागीदारी सुनिश्चित कराना और ज्यादा से ज्यादा युवाओं को मुख्य राजनीति की धारा से जोड़ा जाना है। इसी विषय को ध्यान में रखते हुए युवा बिहार के कोसी सीमांचल भागलपुर, बांका और मुंगेर जिले को एक भाग में रखा गया है। जिसके तहत यह युवा बिहार उद्घोष यात्रा प्रारंभ किया गया। कार्यक्रम के दौरान जन सुराज पार्टी भागलपुर इकाई के अलावा कई जिलों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद थे।
उक्त आशय की जानकारी भागलपुर के जिला सचिव सह राज्य कार्यकारी समिति सदस्य (युवा) के सरदार हर्षप्रीत सिंह ने प्रेस वार्ता के दौरान दी। वहीं इस कार्यक्रम में आए भोजपुरी के प्रसिद्ध गायक सुनील सिंह उर्फ छैला बिहारी ने कहा कि आज के युवा ही अपने देश का भविष्य हैं। वही देश को विकसित और विकासशील बना सकता है। इसलिए युवाओं को हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेना चाहिए तभी अपने देश में बेरोजगारी और भ्रष्टाचार दूर होगा। उन्होंने कहा कि बिहार के युवा बाहर न निकले उनके रोजगार की व्यवस्था अपने बिहार में ही हो।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिजय शंकर