जसरोटिया ने डॉ. जितेंद्र सिंह से की मुलाकात, ₹571.83 करोड़ के रावी नहर प्रोजेक्ट व केवी जेएनवी की मांग उठाई
- DSS Admin
- May 17, 2026

कठुआ, 17 मई । जसरोटा विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने के उद्देश्य से भाजपा विधायक राजीव जसरोटिया ने नई दिल्ली में केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेंद्र सिंह से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने सिंचाई, शिक्षा और आधारभूत ढांचे से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।
बैठक के दौरान जसरोटिया ने 571.83 करोड़ की लागत से प्रस्तावित “मेन रावी कैनाल एवं उसके वितरण तंत्र के सुदृढ़ीकरण और आधुनिकीकरण” परियोजना को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बताया कि यह परियोजना विशेष रूप से शाहपुर-कंडी बांध के संचालन के बाद रावी नदी के जल के बेहतर उपयोग के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के तहत मुख्य नहर को मजबूत बनाने के साथ-साथ पूरे वितरण नेटवर्क का पुनर्निर्माण और उन्नयन किया जाएगा। इसके अलावा बाढ़ के दौरान निर्बाध जल प्रवाह सुनिश्चित करने के लिए उज्ज नदी पर कैनाल सिफन का निर्माण भी प्रस्तावित है। परियोजना के पूर्ण होने पर लगभग 54,072 हेक्टेयर भूमि को सिंचाई सुविधा मिलेगी जिससे किसानों को बड़ा लाभ होगा और कृषि उत्पादन में वृद्धि होगी।
विधायक ने केंद्रीय मंत्री से अनुरोध किया कि इस परियोजना को केंद्रीय जल आयोग सहित संबंधित एजेंसियों के माध्यम से शीघ्र स्वीकृति दिलाई जाए ताकि इसे जल्द लागू किया जा सके। उन्होंने यह भी बताया कि इस परियोजना की विस्तृत रिपोर्ट (क्च्त्) पहले ही जल शक्ति विभाग जम्मू-कश्मीर द्वारा केंद्रीय जल आयोग को भेजी जा चुकी है। इसके अलावा जसरोटिया ने जसरोटा क्षेत्र में केंद्रीय विद्यालय (ज्ञट) और जवाहर नवोदय विद्यालय की स्थापना की मांग भी जोर-शोर से उठाई। उन्होंने कहा कि इन संस्थानों के अभाव में ग्रामीण और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के छात्रों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा से वंचित रहना पड़ रहा है। उन्होंने बताया कि इन स्कूलों की स्थापना से क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा, प्रतिस्पर्धात्मक माहौल और उज्ज्वल भविष्य के अवसर मिलेंगे।
उन्होंने यह भी अवगत कराया कि इस प्रस्ताव को मुख्यमंत्री कार्यालय द्वारा 10 अप्रैल 2026 को पहले ही अनुशंसा प्राप्त हो चुकी है। उन्होंने अंत में कहा कि वे अपने क्षेत्र के विकास और जनता के हितों के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।
---------------

