जींद के पिल्लूखेड़ा में नेपाली मजदूर ने फांसी लगाकर की आत्महत्या
- DSS Admin
- Jun 07, 2026
जींद, 07 जून (हि.स.)। पिल्लूखेड़ा खंड के गांव भूरायण में शनिवार रात एक नेपाली मजदूर ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान 28 वर्षीय आकाश के रूप में हुई है।
नेपाल के किलाली जिले के अंतर्गत कंचन गांव का निवासी 28 वर्षीय आकाश गांव भूरायण रेलवे लाइन के निकट हैचरी में मजदूरी करता था। वह हैचरी में बने क्वार्टर में पत्नी के साथ रहता था। आकाश ने शनिवार रात फांसी का फंदा लगा लिया। घटना का उस समय पता चला जब उसकी पत्नी सुशीला की आंखे खुली। शोर मचाए जाने पर आसपास के मजदूर मौके पर पहुंच गए और घटना की सूचना पुलिस को दी। घटना की सूचना मिलने पर पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव को कब्जे में ले नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवाया। रविवार को पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया है।
पिल्लूखेड़ा थाना के जांच अधिकारी रोहित ने बताया कि मृतक को परिजनों ने शराब का आदी तथा मानसिक रूप से परेशान बताया है। जिसके चलते उसने यह कदम उठाया है। पुलिस ने इत्तफाकिया कार्रवाई कर शव का पोस्टमार्टम करा परिजनो को सौंप दिया है। पिल्लूखेड़ा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------

