कांकुड़गाछी वीआईपी मार्केट में स्वच्छता अभियान, अग्निमित्रा पाल ने अव्यवस्थाओं पर जताई नाराजगी

कोलकाता, 23 जून (हि. स.)। राज्य की नगर विकास एवं नगर प्रशासन मंत्री अग्निमित्रा पाल ने मंगलवार को कांकुड़गाछी वीआईपी मार्केट का दौरा कर बाजार की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बाजार परिसर में फैली अव्यवस्था और साफ-सफाई की स्थिति पर नाराजगी जाहिर की।

मंत्री ने कोलकाता नगर निगम के अधिकारियों के साथ बाजार का निरीक्षण किया और पार्किंग व्यवस्था, कचरा निष्पादन, विज्ञापन प्रबंधन तथा अन्य प्रशासनिक मुद्दों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि दुकानदार निर्धारित सीमा से बाहर दुकान का विस्तार न करें।

उन्होंने कहा कि पिछले लगभग 50 वर्षों में बाजार का अपेक्षित विकास नहीं हुआ है और कई स्थानों पर दुकानों के सामने कचरा जमा देखा गया। मंत्री ने व्यापारियों से नियमित रूप से सफाई बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि नियमों का पालन नहीं करने पर नगर निगम की ओर से जुर्माना लगाया जा सकता है।

उन्होंने यह भी कहा कि अनियंत्रित पार्किंग और अवैध विज्ञापनों के कारण नगर निगम को राजस्व का नुकसान हो रहा है। निरीक्षण के दौरान मौजूद नगर निगम के संयुक्त आयुक्त को आवश्यक कदम उठाने और व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिए गए।

मंत्री ने कहा कि बाजारों में स्वच्छता, अनुशासन और बेहतर प्रबंधन सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकताओं में शामिल है, ताकि आम लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

---------------

   

सम्बंधित खबर