केडीए का बड़ा एक्शन, 60 बीघा भूमि कब्जामुक्त; 20 अवैध निर्माणों और प्लाटिंग पर नोटिस

कानपुर, 17 जून (हि.स.)। कानपुर विकास प्राधिकरण (केडीए) ने बुधवार को अवैध कब्जों, अनधिकृत प्लाटिंग और बिना स्वीकृत मानचित्र के किए जा रहे निर्माणों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। विशेष कार्याधिकारी (प्रवर्तन) एवं उपजिलाधिकारी डॉ. रवि प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुई संयुक्त कार्रवाई में बुधवार को करीब 60 बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराया गया, जबकि लगभग 85 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही अवैध प्लाटिंग और निर्माणों के खिलाफ नोटिस जारी किए गए।

केडीए उपाध्यक्ष अंकुर कौशिक और सचिव अभय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-चार और भूमि बैंक की टीम ने ग्राम रूमा और वाजिदपुर जाजमऊ में प्राधिकरण की भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त किया। रूमा में आराजी संख्या 415 और 428 समेत करीब 13 बीघा भूमि तथा वाजिदपुर जाजमऊ में लगभग पांच बीघा भूमि को कब्जामुक्त कराया गया। इन मामलों में कब्जेदारों के नाम अज्ञात बताए गए हैं।

अहिरवां क्षेत्र में के.के. तिवारी, अनिल वर्मा, छविनाथ सिंह, छेदीलाल, राजेन्द्र प्रसाद पाण्डेय, पप्पू यादव तथा अन्य लोगों द्वारा करीब 41 बीघा क्षेत्र में विकसित की जा रही प्लाटिंग के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यहां बाउंड्रीवाल और अन्य निर्माणों को आंशिक रूप से ध्वस्त किया गया। केडीए के अनुसार प्लाटिंगकर्ताओं और भूखंड खरीदारों ने शमन मानचित्र स्वीकृत कराने के लिए 15 दिन का समय मांगा है, जिसे सशर्त स्वीकार किया गया है।

प्राधिकरण ने जिन 20 मामलों में नोटिस जारी किए हैं, उनमें मौजा सबौली में अज्ञात व्यक्ति, जय बाबा सिद्धनाथ व अन्य, विनोद यादव व अन्य, जितेन्द्र भदौरिया व अन्य, फुफवार सुईथोक क्षेत्र में अज्ञात लोगों द्वारा की जा रही प्लाटिंग, टी.एन. सिंह व अन्य, सरसौल स्थित जंगल स्प्रिंग वाटर पार्क के प्रबंधक, प्रेमपुर क्षेत्र में अर्पित चौधरी व अन्य, पंकज शुक्ला व अन्य के नाम शामिल हैं।

इसके अलावा किदवई नगर और कृष्णा नगर क्षेत्रों में बिना स्वीकृत मानचित्र के व्यावसायिक गतिविधियों के संचालन के आरोप में डॉ. रूचि बाजपेयी, भारतीय गुप्ता, राधे, आदित्य राना, शोभित अग्रवाल, उमेश चन्द्र अग्रवाल, सरवन कुमार अग्रवाल, नन्द किशोर ओझा, डॉ. के.पी. नारंग, सुखवीर सिंह और विक्रम भाटिया को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

डॉ. रवि प्रताप सिंह ने बताया कि जिन लोगों ने नोटिस मिलने के बाद भी संतोषजनक जवाब नहीं दिया है, उनके विरुद्ध 27 जून को ध्वस्तीकरण अभियान चलाया जाएगा। इनमें स्टार लैंड डेवलपर्स, सरसौल स्थित बाबा होंडा के पीछे विकसित की जा रही प्लाटिंग, स्टार ग्रीन सिटी, पप्पू फुटवियर और अजीत यादव, रामबाबू व अन्य के नाम शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि केडीए से मानचित्र स्वीकृत कराए बिना निर्माण या प्लाटिंग करना नियमों का उल्लंघन है। प्राधिकरण की भूमि, ग्राम समाज की भूमि अथवा सीलिंग भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी अभियान जारी रहेगा। पुनः अतिक्रमण किए जाने पर संबंधित लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने सहित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

   

सम्बंधित खबर