उत्तर प्रदेश में भाजपा की 2027 में हाेगी 2017 से बड़ी विजय : केशव प्रसाद मौर्य
- DSS Admin
- Jul 05, 2026

लखनऊ, 05 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर रविवार को शक्ति केन्द्र संयोजक सम्मेलन को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा की 2017 से बड़ी विजय 2027 में होगी। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन का अभिनंदन करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा 2027 में उत्तर प्रदेश में तीसरी बार सरकार बनाएगी। उन्होंने शक्ति केन्द्र संयोजकों से संवाद करते हुए कहा कि 2027 में साईकिल पंचर करके सैफई भेजने का काम करना है। मौर्य ने कहा कि शक्ति केन्द्र संयोजकों का यह सम्मेलन साधारण नहीं है।
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिस तरह माफियाओं को मिट्टी में मिलाने का काम किया, विकास की गंगा बहाने का काम किया, गरीब कल्याण की योजनाओं का लाभ गरीबों तक पहुंचाने का काम किया, बेरोजगारों को रोजगार दिलाने का काम किया, उसी तरह योगी के नेतृत्व में तीसरी बार प्रचंड बहुमत से भाजपा की सरकार बनाने का काम करना है। उन्होंनेे कार्यकर्ताओं का आह्वान करते हुए कहा कि 2027 तक जाइए सब भूल, याद रखिए नरेन्द्र मोदी और कमल का फूल।
प्रचंड बहुमत के साथ बनेगी भाजपा सरकार : ब्रजेश पाठक
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि देश में सिर्फ चार जातियां हैं। गरीब, महिला, किसान व युवा ही वह चार जातियां है, जिनकी सामाजिक व आर्थिक उन्नति के लिए मोदी लगातार काम कर रहे है। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नितिन नवीन का सम्मान देश के युवाओं का सम्मान है। नितिन नवीन के नेतृत्व में युवा पूरे देश में इस संकल्प के साथ आगे बढ़ेगें कि भाजपा 2027 में फिर एक बार उत्तर प्रदेश में प्रचंड बहुमत के साथ आएगी और 2029 में फिर एक बार मोदी के नेतृत्व में देश में भाजपा की सरकार बनेगी।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि महिला आरक्षण बिल का विरोध करके सपा व कांग्रेस ने महिलाओं के हक पर डाका डालने का काम किया है। उत्तर प्रदेश में महिलाएं सपा व कांग्रेस को सबक सिखाने का काम करेंगी। उत्तर प्रदेश में 2017 से पहले गुंडाराज व माफियाराज था, लेकिन योगी 2017 के नेतृत्व में भाजपा सरकार बनते ही उत्तर प्रदेश गुंडा, बदमाश, माफियाओं से मुक्त हुआ और कानून का राज स्थापित हुआ।

