दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान से संगठन को मिल रही नई मजबूती : भाजपा
- DSS Admin
- Jul 02, 2026
गुवाहाटी, 2 जुलाई (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कहा है कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के माध्यम से पार्टी के संगठनात्मक ढांचे को और अधिक मजबूत बनाया जा रहा है। पार्टी की प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट प्रियंका तामुली ने गुरुवार को अटल बिहारी वाजपेयी भवन स्थित प्रदेश मुख्यालय से जारी बयान में बताया कि राज्यभर के विभिन्न मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा रहे हैं, जिसके बाद जिला स्तर पर भी अभियान चलाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य पार्टी कार्यकर्ताओं को भाजपा के इतिहास, वैचारिक आधार, संगठनात्मक संरचना, कार्यप्रणाली तथा संगठन में उनकी जिम्मेदारियों की व्यापक जानकारी देना है। प्रशिक्षण कार्यक्रमों में प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया, सांसद, विधायक तथा वरिष्ठ पदाधिकारी प्रशिक्षक के रूप में शामिल होकर संगठन की विचारधारा, अनुशासन और कार्य प्रणाली पर मार्गदर्शन दे रहे हैं। साथ ही उन्होंने स्वयं भी प्रशिक्षु के रूप में भाग लेकर भाजपा की सतत सीखने और सामूहिक नेतृत्व की परंपरा को प्रदर्शित किया।
बयान के अनुसार, 15 जून से 5 जुलाई के बीच पार्टी के कुल 433 संगठनात्मक मंडलों में से 352 मंडलों में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित करने की योजना बनाई गई है। इनमें अब तक 219 मंडलों में प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हो चुका है, जबकि शेष 133 मंडलों के लिए तिथियां निर्धारित कर दी गई हैं।
अब तक आयोजित 219 मंडल स्तरीय प्रशिक्षण कार्यक्रमों में लगभग 24 हजार कार्यकर्ताओं ने भाग लिया, जबकि अनुमानित उपस्थिति 26,280 थी। इनमें 20,583 कार्यकर्ताओं ने प्रशिक्षण केंद्रों पर रात्रि विश्राम कर पूरे कार्यक्रम में सहभागिता सुनिश्चित की। इसके अलावा 205 प्रशिक्षण कार्यक्रमों में भाजपा के इतिहास, वैचारिक विकास, संगठनात्मक विस्तार और जनकल्याणकारी कार्यों पर आधारित विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई।
प्रियंका तामुली ने बताया कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान का जिला स्तरीय चरण 6 जुलाई से 30 जुलाई तक आयोजित किया जाएगा। भाजपा का विश्वास है कि यह अभियान संगठन को और अधिक सशक्त, जनकेंद्रित तथा सेवा-भावना से प्रेरित राजनीतिक संगठन के रूप में आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
----------

