छात्रा के लापता होने पर तीन लाेगाें के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज
- DSS Admin
- May 09, 2026
महोबा, 09 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में महोबा जनपद मुख्यालय से 30 अप्रैल को लापता हुई नीट की छात्रा के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ अपहरण करने व धमकाने की रिपोर्ट दर्ज की है। छात्रा की मां की ओर से यह मुकदमा दर्ज कराया गया है। मां का आरोप है कि नामजद आरोपित उससे पुराने एक मुकदमे को लेकर रंजिश मानते हैं। इसी मुकदमे में सुलह न करने पर वह बेटी का अपहरण व उसके साथ दुष्कर्म की वारदात करने की धमकी दे रहे थे।
जनपद की सीमा से सटे मध्य प्रदेश के जनपद छतरपुर की रहने वाली एक 25 वर्षीय युवती शहर में रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही थी। 30 अप्रैल की शाम वह लाइब्रेरी से अपने कमरे आ रही थी और रास्ते से गायब हो गई। छात्रा की मां ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी, तब से पुलिस लगातार छात्रा की खोजबीन में लगी है। लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल पा रहा है। बेटी के गायब होने से परिजन परेशान हैं।
छात्रा की मां ने अब कोतवाली में एक और तहरीर दी, जिसमें बताया कि चार नवंबर 2024 को मोहित ने उनकी बेटी के साथ छेड़खानी की थी और विरोध करने पर गाली-गलौज व जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए जान से मारने की धमकी दी थी। इसकी छतरपुर महिला थाना में रिपोर्ट कराई थी। इसके बाद से मोहित, अंकित व संतराम घर पर आकर मुकदमा वापस लेने की धमकी देते थे। यह कहते थे कि अगर मुकदमे में सुलह नहीं की तो बेटी का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म करेंगे। छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि इसी मुकदमे की रंजिश के चलते इन लोगों ने 30 अप्रैल को बेटी का अपहरण कर उसे गायब कर दिया है। मामले को लेकर सदर कोतवाली प्रभारी मनीष पांडेय ने शनिवार को बताया कि लापता छात्रा की तलाश में टीमें लगी हुई है। महिला की तहरीर पर मोहित, अंकित व संतराम के खिलाफ मुकदमा दर्जकर मामले की जांच की जा रही है।
------------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी

