यूकेएनए सदस्य की गोली मारकर हत्या

चुराचांदपुर (मणिपुर), 01 अक्टूबर (हि.स.)। यूनाइटेड कुकी नेशनल आर्मी (यूकेएनए) के एक सदस्य की आज तड़के कथित तौर पर गोली मारकर हत्या कर दी गई। जानकारी के अनुसार यूकेएनए सदस्य सतखोहाओ हाओकिप की हथियारबंद बदमाशों ने उस समय गोली मारकर हत्या कर दी, जब वे चुराचांदपुर जिले में अपने आवास पर थे। हालांकि, हत्या के कारणों तथा हमलावरों के बारे में अब तक कोई ठोस सूचना नहीं दी गई है।

उल्लेखनीय है कि भारत-म्यांमार की सीमा पर स्थित मणिपुर का यह चुराचांदपुर जिला बीते वर्ष 3 मई के बाद से ही हिंसा प्रभावित रहा है। कुकी-जो और मैतेई समुदाय के बीच जारी संघर्ष लगातार जटिल रूप लेता जा रहा है। ज्ञात हो कि बीते 26 सितंबर को दो मैतेई नागरिकों को अगवा कर लिया गया था। अगवा किये गये लोगों के बारे में अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर