छह लाख की फिरौती का खेल बना मौत का कारण, सड़क जाम कर लोगों का प्रदर्शन
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
पश्चिम बर्दवान, 03 जून (हि. स.)। कुल्टी थाना अंतर्गत बराकर स्टेशन रोड स्थित आलूगद्दी इलाके के निवासी और लॉटरी विक्रेता गणेश विश्वकर्मा के बेटे सोनू विश्वकर्मा (24) का शव बुधवार को पुनुड़ी गांव के जंगल से बरामद होने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। युवक की रहस्यमय मौत ने इलाके में आक्रोश और शोक का माहौल पैदा कर दिया है।
जानकारी के अनुसार, जंगल से बरामद शव की पहचान सोनू विश्वकर्मा के रूप में उसकी बहन ने की। घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया।
मृतक के परिजनों का आरोप है कि सोनू के लापता होने के दौरान उनके पास एक फोन कॉल आया था, जिसमें छह लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई थी। इस दावे के बाद मामले ने और गंभीर रूप ले लिया है तथा अपहरण के बाद हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि पुलिस ने फिरौती की मांग के संबंध में आधिकारिक तौर पर कोई पुष्टि नहीं की है।
मामले की जांच के दौरान कुल्टी पुलिस ने बराकर निवासी रोनी घोष नामक एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रारंभिक जांच में कुछ महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं और इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी आशंका है।
सोनू की मौत की खबर फैलते ही बराकर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने दोषियों की गिरफ्तारी और कड़ी सजा की मांग को लेकर पथावरोध कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच करने की मांग की।
पुलिस अधिकारियों ने परिजनों और स्थानीय लोगों को आश्वासन दिया है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।
---------------

