स्वयंसेवक के व्यक्तित्व निर्माण में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका : मिथिलेश नारायण
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
लखनऊ,08 जून(हि.स.)। स्वयंसेवक के व्यक्तित्व निर्माण में परिवार की महत्वपूर्ण भूमिका होती है तथा परिवार और समाज के बीच सशक्त संबंध ही राष्ट्र जीवन को दिशा प्रदान करते हैं। यह बातें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के पूर्वी उत्तर प्रदेश क्षेत्र के बौद्धिक शिक्षण प्रमुख मिथिलेश नारायण ने कही।
वह सरस्वती कुंज निरालानगर में रविवार रात्रि को कार्यकर्ता विकास वर्ग प्रथम के कुटुम्ब-सहभोज कार्यक्रम में स्वयंसेवकों के लिए भोजन लेकर आए परिवारों को सम्बोधित करते हुए कही।
मिथिलेश नारायण ने कहा कि परिवार सहभोज के माध्यम से संघ की उस भावना का भी प्रकटीकरण हुआ,जिसमें परिवार को समाज की मूल इकाई मानते हुए उसके संस्कार,संवाद और संगठन को महत्व दिया जाता है।
वर्ग कार्यवाह देवेन्द्र अस्थाना ने बताया कि कार्यक्रम में वर्ग में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे शिक्षार्थियों के परिवारों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। यह कार्यक्रम संघ के पंच परिवर्तन के अन्तर्गत चल रहे कुटुम्ब प्रबोधन कार्य की भावना को सशक्त करने वाला अवसर बना।
सहभोज में 200 परिवारों ने सहभागिता की
वर्तमान में इस वर्ग में संघ की दृष्टि से अवध प्रांत,कानपुर प्रांत,काशी प्रांत एवं गोरक्ष प्रांत के कुल 289 शिक्षार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं। परिवार सह भोज कार्यक्रम में लगभग 200 परिवारों ने सहभागिता की। इस अवसर पर लखनऊ महानगर के कार्यकर्ता अपने परिवार के साथ उपस्थित हुए तथा अपने परिवार के अतिरिक्त तीन अन्य शिक्षार्थियों के लिए भी भोजन लेकर आये। सभी परिवारों द्वारा लाए गए विविध व्यंजनों के साथ सामूहिक सह भोज का आयोजन हुआ,जिससे आत्मीयता,सहयोग और अपनत्व का वातावरण निर्मित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान परिवारों को वर्ग की गतिविधियों,प्रशिक्षण की व्यवस्था तथा संघ कार्य के विभिन्न आयामों से परिचित कराया गया। परिवारों के बीच संवाद, परिचय एवं सहभागिता के माध्यम से पारस्परिक सम्बन्धों को और अधिक सुदृढ़ बनाने का अवसर मिला। उपस्थित परिवारों ने इस आयोजन की सराहना करते हुए इसे आत्मीयता, संस्कार और सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने वाला महत्वपूर्ण प्रयास बताया।
इस अवसर पर राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सह सरकार्यवाह रामदत्त चक्रधर, सह क्षेत्र कार्यवाह अनिल, वर्ग के सर्वाधिकारी सरदार स्वर्ण सिंह,सह वर्ग कार्यवाह प्रो. राज बिहारी, क्षेत्र शारीरिक प्रमुख अखिलेश, क्षेत्र सेवा प्रमुख युद्धवीर, क्षेत्र प्रचारक प्रमुख राजेन्द्र और प्रांत प्रचारक कौशल प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

