
जोधपुर, 17 फरवरी (हि.स.)। पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर की कालिका पेट्रोलिंग यूनिट ने मनचलों को सबक सिखाने के लिए कमर कस ली है। यूनिट की महिला सिपाही स्कूल-कॉलेजों सहित सार्वजनिक स्थानों पर जाकर बालिका व महिलाओं को जागरूक कर रही है। इसी कड़ी में रेलवे स्टेशन पर बालिकाओं व महिला यात्रियों को जागरूक किया गया।पुलिस कमिश्नररेट जोधपुर द्वारा महिला सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
जोधपुर रेलवे स्टेशन पर कालिका पेट्रोलिंग यूनिट टीम द्वारा महिलाओं और बालिकाओं को उनकी सुरक्षा के बारे में जागरूक किया जाएगा। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को उनके अधिकारों और सुरक्षा के बारे में जानकारी प्रदान करना था। यह कार्यक्रम महिला सशक्तिकरण और सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल है, जो महिलाओं को सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने में मदद करेगी।
यहां यात्रियों को उनके मोबाइल फोन पर राज कॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करवाया गया। उन्हें बताया कि यदि कोई महिला व छात्रा से कोई व्यक्ति छेड़छाड़ या परेशान कर रहा है तो वो इस संबंध में टोल फ्री नबर 1090 पर सूचित कर सकता है। इसके अलावा राज कॉप सिटीजन ऐप डाउनलोड करके उसमें नीड हेल्प में जाकर सूचित कर सकती हैं। यूनिट की 48 महिला सिपाही छात्राओं व महिलाओं की सुरक्षा के लिए 16 घंटे मुस्तैद हैं।
यूनिट की महिला सिपाही सुबह 6 से दोपहर 2 बजे और दोपहर 2 से रात 10 बजे की दो पारियों में गर्ल्स स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान, मॉल व गार्डन में जाकर महिलाओं को मनचले युवकों व बदमाशों से राहत दिलाने में सक्रिय हैं। प्रत्येक यूनिट को एक-एक मोपेड, वायरलैस सैट मुहैया करवाया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / सतीश