कामरूप डीसी ने दिया बाल कल्याण और वैधानिक गोद लेने को लेकर जागरूकता बढ़ाने पर जोर
- DSS Admin
- May 21, 2026
कामरूप (असम), 21 मई (हि.स.)। कामरूप जिले के जिला आयुक्त देव कुमार मिश्र की अध्यक्षता में गुरुवार को अमीनगांव स्थित जिला आयुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बाल कल्याण एवं संरक्षण से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक में बाल कल्याण समिति तथा किशोर न्याय बोर्ड के कार्यों और प्रगति की समीक्षा की गई। बच्चों के संरक्षण और कल्याण के लिए संस्थागत व्यवस्था को और मजबूत करने तथा संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया।
बैठक के दौरान वैधानिक गोद लेने की प्रक्रिया के संबंध में व्यापक जनजागरूकता फैलाने और जरूरतमंद बच्चों की देखभाल, संरक्षण एवं पुनर्वास के लिए गोद लेने को महत्वपूर्ण उपाय के रूप में बढ़ावा देने पर भी चर्चा हुई। सुरक्षित, पारदर्शी और कानूनी गोद लेने की प्रक्रिया को लेकर समाज को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया गया।
जिला आयुक्त ने संबंधित विभागों और हितधारकों को बाल कल्याण गतिविधियों एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी आवश्यकताओं के संबंध में प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने राज्य स्तर पर भी बाल संरक्षण, कल्याण और गोद लेने से जुड़े विषयों पर अधिक जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता बताई, ताकि योजनाओं और सुरक्षा उपायों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
बैठक में कामरूप के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शुभाशीष बरुवा, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव शरीफ उद्दीन अहमद पठान, कामरूप जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सिद्धार्थ गोस्वामी, अतिरिक्त जिला आयुक्त गीताश्री लचित एवं आदित्य गोगोई, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पूनम पेगू सहित बाल संरक्षण इकाई और चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के अधिकारी उपस्थित थे।
---------------

