वकीलों ने अदालतों में बन्द किया काम, अधिवक्ता कानून में संशोधन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन

धर्मशाला, 05 मार्च (हि.स.)। केंद्र सरकार की ओर से लागू किये जा रहे अधिवक्ता (संशोधन) विधेयक के मसौदे के विरोध में हिमाचल प्रदेश की सभी अदालतों में बुधवार को वकीलों ने काम नहीं किया। इसी तर्ज पर वीरवार को भी वकील अदालतों में काम नहीं करेंगे। हिमाचल प्रदेश की सभी अदालतों में पांच और छह मार्च को वकील अदालतों में काम नहीं कर रहे हैं। साथ ही केंद्र सरकार के उक्त कानून का कड़े शब्दों में विरोध कर रहे हैं। हिमाचल प्रदेश राज्य समन्वय समिति ने यह प्रस्ताव सर्वसम्मति से पास किया है। इसके चलते जिला बार एसोसिएशन कांगड़ा स्थित धर्मशाला के सदस्यों ने जिला एवं सत्र न्यायालय धर्मशाला से नारेबाजी करते हुए उपायुक्त कार्यालय तक रोष रैली निकाली। साथ ही केंद्र के उक्त कानूनों की प्रतियां भी जिला मुख्यालय धर्मशाला में जलाई हैं।

बार एसोसिएशन धर्मशाला के अध्यक्ष तरुण शर्मा ने कहा कि अधिवक्ता कानून 1961 में जो संशोधन किए जा रहे हैं वो वकीलों के खिलाफ है। शर्मा ने कहा कि समिति छह मार्च को शाम को होने वाली बैठक में अगली रणनीति तय करेगी। उन्होंने कहा ये कानून पूरी तह से अधिवक्ताओं के खिलाफ है, इससे देश भर में 27 लाख वकील प्रभावित होंगे। उन्होंने कहा कि कानून के विरोध में आज पूरे प्रदेश सहित जिला अदालत धर्मशाला में काम ठप कर दिया गया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर