संगठन और पार्टी में अनुशासनहीनता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए : शांता कुमार

धर्मशाला, 17 अप्रैल (हि.स.)। पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता शांता कुमार ने कहा कि संगठन और पार्टी में अनुशासनहीनता के लिए कोई स्थान नहीं होना चाहिए। पार्टी व संगठन में जो ऐसे लोग हैं उनको वर्तमान भाजपा के स्वर्ण काल को अध्ययन करते हुए पार्टी की मुख्य धारा में जुड़कर पार्टी के लिए निस्वार्थ भावना के साथ काम करने का प्रयास करना चाहिए।

शांता कुमार ने यह बात वीरवार को उनसे मिलने आए व भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर के साथ चर्चा के दौरान कही। त्रिलोक कपूर ने वीरवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री शांता कुमार से उनके निवास स्थान पर शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर कपूर ने प्रदेश में चल रही संगठनात्मक गतिविधियों सहित कांग्रेस के अढ़ाई वर्ष के कार्यकाल को लेकर चर्चा की। कपूर ने कहा कि कांग्रेस सरकार के कुशासन में पालमपुर के विकास में ग्रहण लग गया है।

शांता कुमार ने इस अवसर पर पालमपुर के पर्यटन को लेकर रज्जू मार्ग और सौरभ वन विहार में पर्यटकों के आकर्षण के लिए किए जा रहे प्रयासों की भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि पालमपुर के ऊपरी क्षेत्र में लगती धौलाधार की पहाड़ियां पर्यटकों के लिए एक बहुत बड़ा रमणीक स्थल है। पर्यटक आराम से धौलाधार पहाड़ियों का आनंद लें इसके लिए रज्जू मार्ग बनाने के लिए सभी लोगों को मिलकर प्रयास करने चाहिए।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर