राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का दो दिवसीय प्रवास प्रदेश भाजपा में करेगा नई ऊर्जा का संचार : त्रिलोक कपूर

धर्मशाला, 12 दिसंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ प्रवक्ता त्रिलोक कपूर ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के दो दिवसीय प्रदेश प्रवास को लेकर गहरा उत्साह और आशा व्यक्त की है। कपूर ने इस प्रवास को हिमाचल प्रदेश भाजपा संगठन को और अधिक मजबूत और गतिशील बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

शुक्रवार को जारी एक प्रेस बयान में कपूर ने कहा कि जेपी नड्डा की दूरदृष्टि और दृढ़ संकल्प के कारण ही हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राष्ट्रीय मानचित्र पर अग्रिम पंक्ति में खड़ा हुआ है। उन्होंने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री के रूप में उनके कार्यकाल में उनके प्रयासों से आईजीएमसी शिमला, टांडा और नेरचौक स्थित मेडिकल कॉलेजों में मान्यता मिली थी अब सुपरस्पेशलिटी सेवाओं की स्थापना नड्डा जी के कारण संभव हुई है, जिससे गंभीर रोगों के उपचार के लिए प्रदेशवासियों को अब बड़े शहरों की ओर पलायन नहीं करना पड़ता।

चंबा और नाहन मेडिकल कॉलेजों के साथ-साथ हमीरपुर में मेडिकल कॉलेज प्रदेश के चार जगह मातृ-शिशु केंद्र को मिली केंद्र की सहायता उनकी सोच का परिणाम है, जिसने क्षेत्रीय स्वास्थ्य असमानता को दूर किया है।

उन्होंने एम्स, बिलासपुर की स्थापना को हिमाचल के लिए एक वरदान बताया, जो नड्डा की हिमाचल के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है।

कपूर ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दो दिवसीय प्रवास के दौरान संगठन और कार्यकर्ता दोनों में नई ऊर्जा का संचार होगा। उनका मार्गदर्शन हिमाचल भाजपा के नए कार्यालय को नई शक्ति और दिशा प्रदान करेगा, जिससे पार्टी राज्य में जनसेवा के कार्यों को और प्रभावी ढंग से कर सकेगी।

उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस प्रवास के दौरान हिमाचल प्रदेश में चल रही केंद्रीय योजनाओं जैसे प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, जल जीवन मिशन, और आयुष्मान भारत का आकार और प्रभाव और अधिक बढ़ेगा, जिससे प्रदेश के कोने-कोने तक विकास पंहुचेगा।

कपूर ने प्रदेश के सभी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे राष्ट्रीय अध्यक्ष के प्रवास को सफल बनाने और उनके मार्गदर्शन से प्रेरणा लेकर प्रदेश की सेवा में और अधिक तत्परता से जुट जाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सतेंद्र धलारिया

   

सम्बंधित खबर