केसीसी बैंक के शुद्ध लाभ में वृद्धि से कर्मचारी संघ गदगद, प्रबंधन के समक्ष रखी अपनी मांगे

धर्मशाला, 09 अप्रैल (हि.स.)। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक सीमित कर्मचारी संघ के प्रधान ने पंकज धीमान ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2024-25 के अन्त में बैंक की जमा राशि और निवेश में शुद्ध लाभ में सकारात्मक वृद्धि हुई है। वहीं बैंक के एनपीए में भी भारी गिरावट आई है। बैंक का नेट एनपीए 5.62 प्रतिशत रह गया है।

बुधवार को यहां जारी एक प्रेस बयान में बैंक की इन उपलब्धियों पर बैंक यूनियन के प्रधान पंकज धीमान ने कहा है कि बैंक के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की कड़ी मेहनत का ही नतीजा है कि आज बैंक इन उपलब्धियों पर पहुंचा है। उन्होंने कहा कि बैंक मे इस समय लगभग 55 प्रतिशत कर्मचारी ही कार्यरत है। हर एक अधिकारी/कर्मचारी को लगभग दोगुना कार्यभार है, बावजूद इसके इन कड़ी चुनौतियों मे भी वह कड़ी मेहनत के साथ डटे हुए हैं। उन्होंने कर्मचारी यूनियन की तरफ से बैंक के बीओडी, बैंक प्रबंधन व बैंक के सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को इस अवसर पर बधाई दी है और सभी की कड़ी मेहनत की तारीफ भी की है।

पंकज धीमान ने बैंक प्रबंधन से मांग की है कि बैंक में जल्द ही सभी पात्र अधिकारियों व कर्मचारियों की प्रमोशन के आदेश जारी किये जाएं तथा तत्पश्चात बैंक में नई भर्ती के मार्ग को खोला जाये। उन्होंने बैंक प्रबंधन से बैंक के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए जल्द से जल्द हैल्थ इन्शुरेंस को सुनिश्चित किया जाने की भी मांग उठाई है। इसके अलावा उन्होंने बैंक के सभी अधिकारियों व कर्मचारियों की कड़ी मेहनत के लिए उन्हे बोनस व एक्स-ग्रेसिया जारी करने की भी मांग रखी है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर