पुलिस जिला कांगड़ा की मासिक बैठक में कानून-व्यवस्था और अन्य मुद्दों पर चर्चा
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
धर्मशाला, 06 जुलाई (हि.स.)। पुलिस जिला कांगड़ा के पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा की अध्यक्षता में सोमवार को मासिक अपराध समीक्षा एवं पुलिस कल्याण बैठक आयोजित की गई, जिसमें जिले के सभी पुलिस उप-मण्डलाधिकारी, थाना-चौकी प्रभारी एवं कार्यालय के शाखा प्रभारियों ने भाग लिया।
बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण, एनडीपीएस मामलों में वित्तीय जांच, साइबर अपराध, यातायात प्रबंधन, फरार अपराधियों की गिरफ्तारी तथा जनसहभागिता आधारित पुलिसिंग की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए। साथ ही अवैध खनन एवं नशा तस्करों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई जारी रखने पर विशेष बल दिया गया।
बैठक के उपरांत पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं सुनकर उनके कल्याण एवं बेहतर कार्य वातावरण हेतु आवश्यक निर्देश दिए।
उत्कृष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी व कर्मचारी सम्मानित
इस अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशंसा पत्र एवं नकद पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया। सम्मानित अधिकारियों में निरीक्षक भूपिंद्र सिंह, निरीक्षक संजीव कुमार, निरीक्षक आदर्श बरयाल, एएसआई जगपाल सिंह, मुख्य आरक्षी कर्म चंद तथा मुख्य आरक्षी विजय शर्मा शामिल रहे। पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से ईमानदारी, संवेदनशीलता एवं पेशेवर दक्षता के साथ कार्य करते हुए आमजन को बेहतर पुलिस सेवाएं प्रदान करने का आह्वान किया।

