खड़गपुर में अवैध टोटो के खिलाफ ऑटो चालकों का विरोध, भूख हड़ताल की चेतावनी
- DSS Admin
- Jul 05, 2026
खड़गपुर, 05 जुलाई (हि. स.)। खड़गपुर में मालांचा रोड, निमपुरा रोड और इंदा बस स्टैंड रूट पर कथित अवैध टोटो संचालन के विरोध में रविवार को ऑटो चालकों ने प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।
उनका कहना है कि अवैध टोटो के कारण वैध परमिट वाले ऑटो चालकों की आय लगातार घट रही है, जिससे उनके परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है।
आंदोलनकारियों ने बताया कि डीजल और पेट्रोल की बढ़ती कीमतों के बीच पहले ही ऑटो चलाना महंगा हो गया है। ऐसे में अवैध टोटो के कारण सवारियां कम मिलने से कई चालकों की आर्थिक स्थिति गंभीर हो गई है।
प्रदर्शनकारियों ने कहा कि यदि प्रशासन ने जल्द ही अवैध टोटो के खिलाफ कार्रवाई नहीं की, तो वे आने वाले दिनों में भूख हड़ताल पर बैठेंगे और आंदोलन को और तेज करेंगे।
आंदोलनकारी अतनु कुमार चटर्जी ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने शनिवार को खड़गपुर टाउन थाना पहुंचकर अधिकारियों से मुलाकात की। पुलिस अधिकारियों ने समस्या पर जल्द बैठक कर समाधान निकालने का आश्वासन दिया है।
अतनु कुमार चटर्जी ने कहा कि वैध ऑटो चालक नियमित रूप से टैक्स और अन्य शुल्क का भुगतान करते हैं। इसके बावजूद यदि अवैध टोटो बिना रोक-टोक चल रहे हैं, तो यह वैध चालकों के साथ अन्याय है। उन्होंने प्रशासन से शीघ्र प्रभावी कार्रवाई की मांग की।
---------------

