बाईब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अन्तर्गत हिमाचल के लिए 79 परियोजनाएं स्वीकृत : गृह राज्य मंत्री

धर्मशाला, 20 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्य नन्द राय ने बताया कि केंद्रीय गृह मन्त्रालय द्वारा बाईब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अन्तर्गत हिमाचल प्रदेश के चयनित गांवों के लिए 93.57 करोड़ रूपये लागत की 79 परियोजनाएं स्वीकृत की गई हैं। उन्होंने बताया कि बाईब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अन्तर्गत इन गांवों में पर्यटन और सांस्कृतिक धरोहर, स्किल डेवलपमेंट, उद्यम, सहकारी समितियों के विकास, कृषि, बागवानी और औषधीय पौधों व हर्ब्स के माध्यम से रोजगार के साधन सृजन करने की योजना शुरू की गई है। केंद्रीय गृह राज्य मंत्री ने यह जानकारी लोक सभा सदस्य डॉक्टर राजीव भारद्वाज द्वारा पूछे गए सवाल के जबाव में संसद में दी।

उन्होंने बताया कि बाईब्रेंट विलेज कार्यक्रम के अन्तर्गत गांवों को सड़क सुविधा प्रदान करने, गांवों में ढांचागत विकास, ऊर्जा, नवीन ऊर्जा, दूरसंचार सुविधा आदि विकसित की जा रही हैं।

उन्होंने बताया कि केन्द्र सरकार ने उत्तरी सीमा के चार राज्यों और एक केन्द्र शासित राज्य के 19 जिलों के 46 विकास खण्डों के चयनित गांवों के समग्र विकास के लिए 15 फरवरी 2023 को बाईब्रेंट विलेज कार्यक्रम शुरू किया है।

हिन्दुस्थान समाचार / सतिंदर धलारिया

   

सम्बंधित खबर