धर्मशाला में विराट कोहली का जलवा, पंजाब के घर पर आरसीबी समर्थकों का हल्ला बोल
- DSS Admin
- May 17, 2026
धर्मशाला, 17 मई (हि.स.)। एचपीसीए क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में रविवार को आईपीएल मुकाबले के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली की दीवानगी सिर चढ़कर बोलती नजर आई। मैच शुरू होने से कई घंटे पहले ही स्टेडियम के बाहर आरसीबी समर्थकों की लंबी कतारें लग गई थीं। पूरा स्टेडियम ‘आरसीबी...आरसीबी’ और ‘कोहली...कोहली’ के नारों से गूंज उठा। माहौल ऐसा था मानो मुकाबला धर्मशाला में नहीं बल्कि बेंगलुरु के घरेलू मैदान पर खेला जा रहा हो।
धर्मशाला पहुंचे क्रिकेट प्रेमियों में विराट कोहली को लेकर सबसे ज्यादा उत्साह देखने को मिला। जैसे ही विराट कोहली बल्लेबाजी करने मैदान में पहुंचे, दर्शकों ने जोरदार शोर व तालियों की गड़गड़ाहट से उनका जोरदार स्वागत किया। स्टेडियम में मौजूद हजारों फैंस कोहली की एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आए। कई युवा, युवतियां व प्रशंसक विराट की 18 नंबर जर्सी पहनकर पहुंचे थे, जबकि कुछ फैंस चेहरे पर आरसीबी के रंग लगाए दिखाई दिए।
हालांकि मुकाबला पंजाब किंग्स के दूसरे होम ग्राउंड धर्मशाला में था, लेकिन दर्शकों की संख्या और समर्थन के मामले में आरसीबी समर्थक भारी पड़ते नजर आए। स्टेडियम के लगभग हर स्टैंड में लाल रंग की जर्सियों का कब्जा दिखाई दिया। पंजाब किंग्स के समर्थक भी टीम के समर्थन में मौजूद रहे, लेकिन विराट कोहली की लोकप्रियता के आगे उनका उत्साह फीका नजर आया।
हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और जम्मू-कश्मीर के अलावा महाराष्ट्र मुंबई, केरल, बेंगलुरु, गुजरात, उत्तराखंड और कर्नाटक से भी बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी धर्मशाला पहुंचे। दर्शकों ने कहा कि धौलाधार की खूबसूरत वादियों के बीच विराट कोहली को खेलते देखना किसी यादगार अनुभव से कम नहीं है।
मैच से पहले स्टेडियम परिसर में आरसीबी समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ जमकर जश्न मनाया। कई फैंस ‘ई साला कप नामदे’ के नारे लगाते नजर आए। वहीं युवा दर्शकों में विराट कोहली के साथ सेल्फी लेने और उन्हें करीब से देखने की उत्सुकता साफ दिखाई दी।
दर्शकों का कहना था कि धर्मशाला में आईपीएल मुकाबलों का रोमांच हर साल बढ़ता जा रहा है, लेकिन विराट कोहली की मौजूदगी ने इस बार माहौल को पूरी तरह अलग स्तर पर पहुंचा दिया।
धर्मशाला में कोहली की शानदार फिफ्टी
पंजाब के खिलाफ बतौर ओपनर उतरे विराट कोहली ने अपने प्रशंसकों को निराश नही किया। कोहली ने 31 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। कोहली ने 3 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 37 गेंदों पर 58 रन बनाए। पंजाब के स्पिन गेंदबाज यजुवेंद्र चहल ने उनकी विकेट ली। चहल ने प्रियांश आर्य के हाथों कोहली को कैच आउट करवाया।

