कैथल, 18 मई (हि.स.)। पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में सोमवार को विधायक सतपाल जांबा ने सोमवार को विभिन्न गांवों और वार्डों में करोड़ों रुपये की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। विधायक जांबा ने गांव जांबा, टयोंठा, हाबड़ी, सिरसल, बदनारा, फतेहपुर, फरल, ढांड, बरोट, जड़ौला, पबनावा, कौल, संगरौली, खेड़ी साकरा और आहूं सहित अनेक गांवों का दौरा कर विकास कार्यों की आधारशिला रखी। इस दौरान सड़कों, खेतों के रास्तों, गलियों, पार्कों, चौपालों, ट्यूबवेल और शेड निर्माण जैसी कई परियोजनाओं का शुभारंभ किया गया, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाएं मजबूत होंगी।
कार्यक्रम के दौरान पूंडरी कस्बे के विभिन्न वार्डों में गलियों के निर्माण कार्य भी शुरू किए गए। वहीं अहलूवालिया चौक से पुंडरीक तीर्थ तक सड़क निर्माण परियोजना तथा फतेहपुर क्षेत्र में गुरु ब्रह्मानंद चौक से मुंदड़ी वाली नहर तक सड़क निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया, जो क्षेत्र की कनेक्टिविटी को बेहतर बनाएंगे।
इसके अलावा ढांड नई अनाज मंडी और कौल अनाज मंडी में शेड निर्माण कार्य शुरू किए गए हैं। इन कार्यों से किसानों और व्यापारियों को बेहतर सुविधाएं मिलने की उम्मीद है। कई गांवों में पार्क, चौपाल और सामुदायिक स्थलों के निर्माण कार्य शुरू होने से ग्रामीणों में खुशी का माहौल है।
इस अवसर पर विधायक सतपाल जांबा ने कहा कि पूंडरी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर लगातार आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सड़क, पेयजल, पार्क और अन्य मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश सरकार के नेतृत्व में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य कराए जा रहे हैं और आने वाले समय में भी इसी प्रकार विकास की गति को बनाए रखा जाएगा, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और उनका जीवन स्तर सुधरे।
---------------

