धर्मशाला, 18 मई (हि.स.)। पुलिस जिला देहरा के रक्कड़ पुलिस थाना के तहत हुई एक चोरी के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों से चोरीशुदा नकदी बरामद करने में सफलता मिली है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उन्हें न्यायालय में पेश किया जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
गौरतलब है कि शिकायतकर्ता सुरेश कुमार पुत्र निक्कू राम निवासी गांव अप्पर कलोहा, डाकघर कलोहा, तहसील रक्कड़, जिला कांगड़ा द्वारा बीते 23 अप्रैल 2026 को पुलिस थाना रक्कड़ में शिकायत दर्ज करवाई थी जिसमें तीन अज्ञात व्यक्ति, जो एक स्कूटी एवं एक मोटरसाइकिल पर सवार थे, उनकी दुकान में प्रवेश कर दुकान के गल्ले सहित नकदी तथा एक मोबाइल फोन चोरी कर मौके से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस थाना रक्कड़ में मामला दर्ज कर जांच शुरू की तथा पता चला कि उक्त आरोपियों द्वारा दिनांक 23 और 24 अप्रैल 2026 को जिला ऊना में भी दो अलग-अलग स्थानों पर लूट/चोरी की वारदातों को अंजाम दिया गया। जिला ऊना पुलिस द्वारा कार्यवाही करते हुए उक्त मामलों में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया, जिनमें अनमोल दत्त पुत्र विजय कुमार निवासी वार्ड नम्बर 15, इंदिरा कॉलोनी, गांव धीना, डाकघर कैंट, तहसील एवं जिला जालंधर, पंजाब, उम्र 24 वर्ष तथा सुरजीत सिंह पुत्र बलवीर सिंह निवासी नूरपुर चट्ठा, तहसील नकोदर, जिला जालंधर, पंजाब, उम्र 26 वर्ष शामिल हैं।
पुलिस थाना रक्कड़ द्वारा न्यायालय देहरा से उक्त आरोपियों के प्रोडक्शन वारंट प्राप्त किए गए तथा नियमानुसार दोनों आरोपियों को जिला ऊना से पुलिस जिला देहरा लाकर विधिवत गिरफ्तार किया गया। तत्पश्चात आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 4 दिन का पुलिस रिमाण्ड प्राप्त किया गया।
इस दौरान जांच एवं गहन पूछताछ के उपरांत दोनों आरोपियों द्वारा उक्त चोरी की वारदात में संलिप्त समस्त नकदी राशि बरामद करवाई गई। साथ ही आरोपियों ने खुलासा किया कि चोरी किया गया मोबाइल फोन एवं दुकान का गल्ला उनके एक अन्य साथी के कब्जे में है, जो वर्तमान में फरार चल रहा है।
फिलहाल दोनों आरोपियों को न्यायालय द्वारा 29 मई 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश पारित किए गए, जिसके अनुपालन में दोनों आरोपियों को जिला कारागार धर्मशाला भिजवा दिया गया है। मामले में संलिप्त तीसरे आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस द्वारा लगातार प्रयास जारी हैं।

