ऑपरेशन नया सवेरा के तहत कांगड़ा पुलिस को मिली बड़ी सफलता, पंजाब से तीन प्रमुख नशा तस्कर गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jun 20, 2026
धर्मशाला, 20 जून (हि.स.)। नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान ऑपरेशन नया सवेरा के अंतर्गत जिला कांगड़ा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कांगड़ा पुलिस की सीआईए टीमों ने बैकबर्ड इन्वेस्टिगेशन के माध्यम से अंतरराज्यीय हेरोइन तस्करी नेटवर्क के तीन प्रमुख आरोपियों को पंजाब से गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान गौरव साहोता और उसका भाई हनी पुत्र सोमनाथ तथा हनी कुमार पुत्र ऋषि कुमार के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में तकनीकी साक्ष्यों, वित्तीय लेन-देन के विश्लेषण तथा पूर्व में गिरफ्तार आरोपियों से प्राप्त सूचनाओं के आधार पर इन व्यक्तियों की भूमिका नशे की तस्करी में महत्वपूर्ण पाई गई।
जांच के दौरान यह तथ्य सामने आया कि हनी कुमार, मुख्य सरगना अभिषेक साहोता को हेरोइन की आपूर्ति करने वाला प्रमुख सप्लायर था तथा पूरे नेटवर्क की आपूर्ति श्रृंखला को बनाए रखने में उसकी महत्वपूर्ण भूमिका थी। वहीं गौरव साहोता तथा हनी पुत्र सोमनाथ मादक पदाथों की बिक्री से अर्जित धनराशि के प्रबंधन एवं वित्तीय लेन-देन के संचालन में सक्रिय रूप से संलिप्त पाए गए।
एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने बताया कि इन आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए सीआईए कांगड़ा की विशेष टीमों का गठन किया गया, जिन्हें पंजाब के विभिन्न स्थानों पर भेजा गया। समन्वित कार्रवाई करते हुए तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई कांगड़ा पुलिस द्वारा अपनाई गई बैकबर्ड इन्वेस्टिगेशन रणनीति का महत्वपूर्ण परिणाम है, जिसके माध्यम से नशा तस्करी के मामलों में केवल बरामदगी तक सीमित न रहकर पूरे सप्लाई नेटवर्क और वित्तीय तंत्र तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि वित्तीय जांच के दौरान यह भी पाया गया है कि मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धनराशि विभिन्न बैंक खातों एवं अन्य माध्यमों से संचालित की जा रही थी। पुलिस द्वारा संदिग्ध लेन-देन और अपराध से अर्जित आय का पता लगाने के लिए विस्तृत जांच जारी है।
एसपी ने बताया कि ऑपरेशन नया सवेरा के तहत कांगड़ा पुलिस द्वारा की जा रही लगातार कार्रवाई से अंतरराज्यीय ड्रग नेटवर्क पर प्रभावी प्रहार किया गया है। जिला पुलिस कांगड़ा नशा तस्करी के विरूद्ध अपनी मुहिम को आगे भी पूरी दृढ़ता एवं प्रतिबद्धता के साथ जारी रखेगी।
इस अभियान के अंतर्गत अब तक पुलिस थाना पालमपुर में कुल 3 एफआईआर दर्ज किए जा चुके हैं। इन मामलों में कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है तथा 167.18 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है। इसके अतिरिक्त एक पिकअप वाहन एवं 18 इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी जब्त किए गए हैं। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है तथा नेटवर्क से जुड़े अन्य व्यक्तियों, वित्तीय लाभार्थियों एवं अपराध से अर्जित संपत्तियों का पता लगाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

