केशियाड़ी में 25 किलोमीटर लंबे नए सड़क कॉरिडोर की योजना, बढ़ेगी संपर्क व्यवस्था और पर्यटन

पश्चिम मेदिनीपुर, 03 जून (हि. स.)। जिले के केशियाड़ी विधानसभा क्षेत्र में ग्रामीण संपर्क व्यवस्था को बेहतर बनाने और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 25 किलोमीटर लंबे नए सड़क कॉरिडोर की योजना बनाई गई है। परियोजना के पूरा होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी।

परियोजना की प्रगति का जायजा लेने के लिए बुधवार को स्थानीय विधायक भद्र हेमब्रम और मेदिनीपुर स्टेट रूरल डेवलपमेंट एजेंसी (एसआरडीए) के अधिकारियों ने प्रस्तावित मार्ग का निरीक्षण किया।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, यह सड़क 60 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के बेलमूला क्षेत्र से शुरू होकर पानसोला, पुंदड़ा, तररुई, राजनगर, जयकृष्णपुर और ऐतिहासिक गगनेश्वर होते हुए केशियाड़ी के कुकाई क्षेत्र में बेलदा-केशियाड़ी राज्य सड़क से जुड़ेगी। मौजूदा सड़क का चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण कर इसकी चौड़ाई 18 फीट से अधिक की जाएगी।

परियोजना के पूरा होने पर क्षेत्र के कई गांवों को बेहतर सड़क संपर्क मिलेगा। साथ ही, सुवर्णरेखा नदी और ऐतिहासिक कुरुमबेड़ा किला जैसे पर्यटन स्थलों तक पहुंच अधिक आसान हो जाएगी।

विधायक भद्र हेंब्रम ने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग और राज्य सड़क के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना इस परियोजना का मुख्य उद्देश्य है। इससे लोगों की यात्रा सुगम होगी और क्षेत्र के ऐतिहासिक तथा पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की आवाजाही बढ़ेगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि प्रशासनिक मंजूरी मिलने के बाद सड़क निर्माण का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा।

---------------

   

सम्बंधित खबर