पालमपुर से चोरी हुई मोटरसाइकिल पुलिस ने की बरामद, दो आरोपी गिरफ्तार
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
धर्मशाला, 08 जुलाई (हि.स.)। पुलिस थाना पालमपुर में दर्ज मोटरसाइकिल चोरी के मामले में पुलिस को सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने करीब 10 महीने बाद चोरी की मोटरसाइकिल को बरामद कर इस मामले में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी हमीरपुर जिला से संबंध रखते हैं। इस मामले में पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है।
गौरतलब है कि शिकायतकर्ता ने पुलिस थाना पालमपुर में बीते साल अक्टूबर माह में उनकी मोटरसाइकिल नम्बर एचपी 37बी-9586 को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी करने की शिकायत दर्ज करवाई थी। मामले की जांच चल रही थी। इसी बीच 6 जुलाई 2026 को पुलिस थाना सुजानपुर, जिला हमीरपुर द्वारा नियमित वाहन चैकिंग के दौरान एक बिना नम्बर की मोटरसाइकिल को रोका गया। मोटरसाइकिल के इंजन एवं चेसिस नम्बर का सत्यापन करने पर यह मोटरसाइकिल थाना पालमपुर के उपरोक्त मामले में चोरी हुई मोटरसाइकिल पाई गई। पुलिस थाना सुजानपुर द्वारा बरामद मोटरसाइकिल सहित दो आरोपियों को पुलिस थाना पालमपुर के हवाले किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश कुमार (21 वर्ष) निवासी गांव मझोग सुल्तानी, जिला हमीरपुर तथा ऋषु कुमार (23 वर्ष) निवासी गांव स्वाल, तहसील सुजानपुर, जिला हमीरपुर शामिल हैं।
पुलिस द्वारा दोनों आरोपियों से गहन पूछताछ की गई, जिसके उपरांत इस मामले में चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कर ली गई है।
दोनों आरोपियों को बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया है जहां से उन्हें पुलिस रिमांड मिला है। एसपी कांगड़ा ने बताया कि मामले की आगामी जांच जारी है तथा इस प्रकरण में संलिप्त अन्य व्यक्तियों की भूमिका की भी गहनता से जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

