महिला आत्महत्या मामले में आरोपी पति और सास दो दिन के पुलिस रिमांड पर

धर्मशाला, 03 जून (हि.स.)। धर्मशाला के दाड़ी क्षेत्र में बीते दिन मंगलवार को महिला के आत्महत्या मामले में पति व सास को न्यायालय ने दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस थाना धर्मशाला की ओर से दोनों को मंगलवार को ही हिरासत में लिया गया था, जिसके बाद बुधवार को न्यायालय में पेश किया गया जहां से आरोपियों को दो दिन के पुलिस रिमांड पर भेजने के आदेश दिए गए हैं।

गौर हो कि मृतका की पहचान पलोमा आयु 45 वर्ष पत्नी हिमेश कार्की निवासी दाड़ी धर्मशाला के रूप में हुई थी। पुलिस ने मृतका के पति और सास के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में मामला दर्ज किया है। साथ ही मौके पर सुसाईड नोट भी बरामद किया गया है, जिसके आधार पर पुलिस की ओर से जांच आगे बढ़ाई जा रही है।

मामले में शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया है कि पति हिमेश कार्की और उसकी मां नीना कार्की ने पलोमा को अलग रहने के लिए मजबूर कर दिया था, जिसके चलते वह घर में एक अलग कमरे में रहती थी। इतना ही नहीं, उसे अपने बेटे से मिलने तक की अनुमति नहीं दी जाती थी। इससे वह लंबे समय से मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। आरोप है कि पति और सास के व्यवहार से आहत होकर पलोमा ने मंगलवार को सुबह करीब साढ़े सात बजे अपने कमरे में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली।

उधर, एसएचओ धर्मशाला नारायण सिंह ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट की ओर से दो दिनों का पुलिस रिमांड दिया गया है। मामले की जांच जारी है, और सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जा रही है।

   

सम्बंधित खबर