ट्रिपल आईटी के पूर्व छात्र अक्षत फोर्ब्स 30 अंडर 30 एशिया सूची में शामिल
- DSS Admin
- Jun 03, 2026
प्रयागराज, 03 जून (हि.स.)। भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान, इलाहाबाद के पुरा छात्र अक्षत बरनवाल को प्रतिष्ठित फोर्ब्स 30 अंडर 30 एशिया 2026 सूची में कंज्यूमर एंड एंटरप्राइज टेक्नोलॉजी श्रेणी में स्थान प्राप्त हुआ है। अक्षत ने वर्ष 2023 में संस्थान से बी.टेक (सूचना प्रौद्योगिकी) स्नातक किया है। फोर्ब्स 30 अंडर 30 एशिया सूची एशिया-प्रशांत क्षेत्र के युवा उद्यमियों, नवप्रवर्तकों और परिवर्तनकर्ताओं को दिए जाने वाले सबसे प्रतिष्ठित सम्मानों में से एक है।
यह वार्षिक सूची उन 30 वर्ष से कम आयु के व्यक्तियों को सम्मानित करती है जो अपने नवाचार, दूरदर्शिता और नेतृत्व के माध्यम से उद्योगों में परिवर्तन ला रहे हैं तथा प्रभावशाली व्यवसायों का निर्माण कर रहे हैं। अक्षत को यह सम्मान उनके उद्यम स्टिम्यूलर के लिए प्राप्त हुआ है, जो एक वैश्विक वॉइस-एआई आधारित भाषा शिक्षण मंच है। यह मंच उपयोगकर्ताओं को कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित संवादों के माध्यम से अंग्रेज़ी बोलने की दक्षता और आत्मविश्वास विकसित करने में सहायता करता है। उन्नत एआई एवं स्पीच टेक्नोलॉजी का उपयोग करते हुए यह मंच विश्व भर के शिक्षार्थियों को व्यक्तिगत भाषा-अधिगम अनुभव प्रदान करता है।
बुधवार को अक्षत ने अपनी इस उपलब्धि की जानकारी ट्रिपल आईटी इलाहाबाद के निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुतावने को दी तथा अपनी सफलता की यात्रा में संस्थान की भूमिका के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि उनकी सफलता की मजबूत नींव ट्रिपल आईटी इलाहाबाद में बिताए गए वर्षों के दौरान ही रखी गई थी। अक्षत ने कहा कि मेरी सफलता की नींव का एक बड़ा हिस्सा ट्रिपल आईटी में बिताए गए वर्षों से जुड़ा है। जीवन के इस मुकाम तक पहुँचने में संस्थान ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। यहाँ तक पहुँचाने में संस्थान के योगदान के लिए मैं हृदय से आभारी हूँ।
इस उपलब्धि पर अक्षत को बधाई देते हुए निदेशक प्रो. मुकुल शरद सुतावने ने कहा कि संस्थान अपने पूर्व छात्रों की उपलब्धियों पर गर्व करता है, जो वैश्विक स्तर पर प्रौद्योगिकी, उद्यमिता और नवाचार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि फोर्ब्स 30 अंडर 30 एशिया सूची में अक्षत का चयन पूरे संस्थान परिवार के लिए अत्यंत गाैरव का विषय है। एक छात्र से लेकर वैश्विक स्तर पर पहचान प्राप्त एआई-आधारित स्टार्टअप के संस्थापक बनने तक की उनकी यात्रा, प्रतिभा, नवाचार और उद्यमशीलता की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है।
ट्रिपल आईटी के पीआरओ डाॅ. पंकज मिश्रा ने बताया कि परिवार ने इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान के लिए अक्षत बरनवाल को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं और आशा व्यक्त की है कि वे भविष्य में भी स्टिम्यूलर के माध्यम से वैश्विक स्तर पर अपनी सेवाओं और प्रभाव का विस्तार करते रहेंगे।
उल्लेखनीय है कि वर्षों से संस्थान सूचना प्रौद्योगिकी एवं संबद्ध क्षेत्रों में देश के अग्रणी संस्थानों में अपनी पहचान स्थापित कर चुका है। संस्थान से निकले छात्र शिक्षा, अनुसंधान, उद्योग तथा उद्यमिता के क्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियां प्राप्त कर रहे हैं। नवाचार, बहु-विषयक शिक्षा और स्टार्टअप संस्कृति पर संस्थान का विशेष जोर विद्यार्थियों को बड़े सपने देखने और उन्हें सफल उद्यमों में बदलने के लिए प्रेरित करता है।

