कर्णप्रयाग मारपीट प्रकरण में एफआईआर दर्ज, जांच चमोली से हरिद्वार ट्रांसफर

देहरादून, 22 जून (हि.स.)। उत्तराखंड के कर्णप्रयाग में 16 जून को सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद एवं मारपीट के मामले में उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय ने निष्पक्ष और पारदर्शी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। पुलिस ने घायल सिख श्रद्धालु के पिता की शिकायत पर एफआईआर दर्ज करने के साथ ही दोनों प्रकरणों की विवेचना चमोली से हरिद्वार जनपद स्थानांतरित कर दी है।

पुलिस मुख्यालय के अनुसार घायल सिख श्रद्धालु के पिता की शिकायत पर उनके साथ कथित मारपीट करने वाले अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ 20 जून को कर्णप्रयाग थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है। पहले से दर्ज मामले सहित दोनों अभियोगों की स्वतंत्र और निष्पक्ष जांच के लिए विवेचनाएं हरिद्वार पुलिस को सौंपी गई हैं। इनकी जांच वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के पर्यवेक्षण में की जाएगी।

इसके अलावा विभिन्न सिख संगठनों द्वारा स्थानीय पुलिस के कथित व्यवहार और आचरण को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच भी पुलिस मुख्यालय ने वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी पुलिस उपमहानिरीक्षक यशवंत सिंह को सौंपी है। उन्हें दो सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

गढ़वाल परिक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक राजीव स्वरूप ने कहा कि उत्तराखंड पुलिस सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करती है और प्रत्येक मामले में कानून के अनुसार निष्पक्ष, पारदर्शी और न्यायसंगत कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण यात्रा है, जिसे पुलिस और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है। यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

--------------

   

सम्बंधित खबर