जिला टाॅप करने वाले छात्र कार्तिक कृष्ण पांडेय को जिलाधिकारी ने किया सम्मानित

जौनपुर,14 मई (हि.स.)। कार्तिक कृष्ण पांडेय ने सीबीएसई बोर्ड की इंटरमीडिएट साइंस की परीक्षा में 97 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया है। कार्तिक के पिता कृष्णानंद पांडेय जिले में लेखपाल के पद पर कार्यरत हैं।

जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चंद्र ने बुधवार को कार्तिक को अपने कार्यालय बुलाकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राजस्व विभाग के लेखपाल के बेटे का जिला टॉपर बनना पूरे जनपद और विभाग के लिए गौरव की बात है।

जिलाधिकारी ने घोषणा की कि जिले के सभी सफल छात्रों का सम्मान जल्द ही किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिला विद्यालय निरीक्षक से चर्चा कर एक-दो दिन में कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुसार मेधावी छात्रों के सम्मान की तैयारियां की जा रही हैं।

कार्तिक ने अपनी सफलता का श्रेय माता-पिता को दिया। उन्होंने बताया कि परिवार का पूरा सहयोग मिला। कार्तिक ने अपना भविष्य का लक्ष्य सिविल सेवा में जाने का बताया है। कार्तिक ने कहा कि उसे डॉ. दिनेश चंद्र की तरह जिलाधिकारी बनकर देश और समाज की सेवा करना है।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

   

सम्बंधित खबर