
-किसानों, उद्योग और नशे के खिलाफ लड़ाई को बताया प्राथमिकता
चंडीगढ़, 03 जून । भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नवनियुक्त पंजाब प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों ने बुधवार को औपचारिक रूप से पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर उन्होंने किसानों के कल्याण, औद्योगिक विकास और नशे के खिलाफ सख्त अभियान को अपनी प्राथमिकताओं में शामिल बताया।
पदभार ग्रहण करने के बाद ढिल्लों ने कहा कि कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी। उन्होंने दावा किया कि हरियाणा की तर्ज पर किसानों को सभी फसलों पर न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) देने और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देने के लिए प्रोत्साहन राशि उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
औद्योगिक विकास को लेकर उन्होंने कहा कि पंजाब में कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा।
उन्होंने कहा कि पहले भी वे क्षेत्र में पेप्सी और आलू चिप्स से जुड़े उद्योग लाने में भूमिका निभा चुके हैं और भविष्य में ऐसे और उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे किसानों को उनकी उपज का बेहतर मूल्य मिल सके।
पंजाब को औद्योगिक क्षेत्र में नई पहचान दिलाने का संकल्प जताते हुए ढिल्लों ने कहा कि राज्य में सेमीकंडक्टर जैसे उच्च तकनीक आधारित उद्योग स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा। उनका लक्ष्य पंजाब को उद्योग और तकनीक के क्षेत्र में भारत का ‘ताइवान’ बनाना है।
नशे के मुद्दे पर भी उन्होंने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि भाजपा नशे के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ते हुए विकास और रोजगार के नए अवसर पैदा करेगी।
भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति का स्वागत किया।
-----

