डाकबंगला वार्ड में दो माह से स्ट्रीट लाइट बंद, निगम से विद्युत व्यवस्था बहाल की मांग
- DSS Admin
- Jun 01, 2026
धमतरी, 01 जून (हि.स.)। डाकबंगला वार्ड में पिछले करीब दो माह से बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वार्ड की गलियों और प्रमुख मार्गों पर अंधेरा पसरा रहने से दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ गया है। समस्या के निराकरण की मांग को लेकर वार्डवासियों ने पार्षद सुमन सोमेश मेश्राम के नेतृत्व में सोमवार को नगर निगम के उपायुक्त पीसी सार्वा को ज्ञापन सौंपकर जल्द कार्रवाई की मांग की।
वार्डवासियों ने बताया कि प्राथमिक शाला के समीप स्थित स्ट्रीट लाइट पिछले दो माह से बंद है। यह स्थान अंधे मोड़ के रूप में भी जाना जाता है, जहां शाम ढलते ही घना अंधेरा छा जाता है। क्षेत्र में बच्चों का खेलना-कूदना भी होता है, ऐसे में पर्याप्त रोशनी नहीं होने से दुर्घटना और असामाजिक गतिविधियों की आशंका बनी रहती है। लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद अब तक सुधार नहीं किया गया है। इसी प्रकार टावर गली की स्ट्रीट लाइटें भी लंबे समय से बंद पड़ी हैं। रात के समय गली में आवागमन करने वाले लोगों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।
अंधेरे के कारण महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों की सुरक्षा को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से क्षेत्र में भय और असुविधा का माहौल बना हुआ है। पार्षद सुमन सोमेश मेश्राम ने कहा कि वार्ड में स्ट्रीट लाइट बंद रहने की समस्या लगातार बनी हुई है। इस संबंध में निगम प्रशासन को कई बार अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। उन्होंने बताया कि वार्ड में अंधेरे के कारण छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल्द से जल्द सभी बंद स्ट्रीट लाइटों को चालू कराने की मांग की गई है। उपायुक्त ने समस्या के समाधान के लिए उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
सोरिद पुल के दोनों ओर भी अंधेरा, बढ़ रहा दुर्घटनाओं का खतरा
वार्ड के राजेश देवांगन, सत्तू सेन, श्यामलाल साहू, कैलाश साहू और भागवत सिन्हा ने बताया कि सोरिद पुल के दोनों ओर लगे ट्यूबलर पोल भी करीब दो माह से बंद पड़े हैं। पुल के आसपास घना अंधेरा रहने से दुर्घटनाओं की घटनाएं बढ़ रही हैं। सोरिद बस्ती और डिपोपारा से बड़ी संख्या में लोग इसी मार्ग से मुख्य सड़क तक पहुंचते हैं, जिससे रात के समय जोखिम और बढ़ जाता है। कुछ दिन पहले दो दोपहिया वाहनों की आमने-सामने टक्कर में चालक गंभीर रूप से घायल हो गए थे। नागरिकों ने पुल क्षेत्र में तत्काल प्रकाश व्यवस्था बहाल करने की मांग करते हुए कहा कि निगम के बिजली विभाग में बार-बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।

