फर्रुखाबाद,19 जून (हि.स.)। फर्रुखाबाद में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खनन अधिकारी संजय सिंह को ₹24,000 की रिश्वत लेते हुए शुक्रवार को रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई उनके सरकारी आवास पर की गई, जहां एंटी करप्शन टीम ने जाल बिछाकर आरोपी को दबोचा।
जानकारी के अनुसार, हरसिंहपुर गोवा निवासी एवं पूर्व जिला पंचायत सदस्य आदेश यादव से मिट्टी खनन की परमिशन जारी करने के बदले ₹24,000 की रिश्वत मांगी गई थी। शिकायत मिलने के बाद एंटी करप्शन टीम ने योजना बनाकर कार्रवाई की। बताया जा रहा है कि रिश्वत की रकम खनन अधिकारी ने अपने चालक पंकज के माध्यम से ली थी। जैसे ही रकम का लेन-देन हुआ, टीम ने छापा मारकर आरोपी को हिरासत में ले लिया। इस कार्रवाई के बाद खनन विभाग और प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है।
मामले में अब दस्तावेजों, कॉल डिटेल्स और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि रिश्वतखोरी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। खनन अधिकारी को कोतवाली फतेहगढ़ में रखा गया है। जहां रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है।

