खड़गपुर में लूटकांड के 24 घंटे भीतर तीन गिरफ्तार

खड़गपुर, 22 जून (हि.स.)। पश्चिम मेदिनीपुर जिले के खड़गपुर शहर के भवानीपुर क्षेत्र में मछली व्यवसायी से दिनदहाड़े हथियार के बल पर लूट की कोशिश के मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए घटना के 24 घंटे के भीतर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई पश्चिम बंगाल पुलिस के अंतर्गत खड़गपुर टाऊन पुलिस स्टेशन की टीम ने की।

उल्लेखनीय है कि, रविवार दोपहर मछली व्यवसायी राजकुमार सिंह बाइक से अपने घर पहुंचे थे। जैसे ही वह घर के पास उतरे, एक बाइक पर सवार तीन बदमाश वहां पहुंचे। आरोप है कि बदमाशों ने हथियार दिखाकर राजकुमार सिंह के कंधे पर टंगे बैग को छीनने की कोशिश की। विरोध करने पर अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के उद्देश्य से तीन राउंड फायरिंग कर दी।

घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए जांच शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 24 घंटे के भीतर तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच जारी है और आरोपितों से पूछताछ कर घटना में इस्तेमाल हथियार तथा अन्य संभावित सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। इस कार्रवाई को खड़गपुर पुलिस की बड़ी सफलता माना जा रहा है।

---------------

   

सम्बंधित खबर