खेतों पर पानी लगाने गए किसान की संदिग्ध मौत

औरैया, 02 अप्रैल (हि.स.)। फफूंद थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान खेतों पर पानी लगाने गया था। खेत पर अचानक उसकी हालत बिगड़ने पर परिजन उसे अस्पताल ले गए लेकिन उसकी मृत्यु हो गई थी।

थाना क्षेत्र के गांव सल्हापुर निवासी प्रमोद कुमार दोहरे मजदूरी करता था। वह फसल में पानी लगाने काे कहकर घर से खेतों पर गया था। पानी लगाते में ही उसकी अचानक हालत बिगड़ गई। वह वहीं गिर पड़ा। आसपास काम कर रहे अन्य किसानों के देखने पर उन्होंने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन किसान को अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। किसान की अचानक मौत से परिजनों में कोहराम मच गया।

जानकारी पर पुलिस भी पहुंच गई और जांच पड़ताल की। परिजनों की मांग पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने भेजा। मृतक की पत्नी सुमनलता पुत्र चंद्रकेश, अमित कुमार, दीपक बाबू और अरुण व पुत्री नीतू का रो रोकर बुरा हाल था। प्रभारी निरीक्षक जय प्रकाश पाल ने बताया कि परिजनों की मांग पर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। किसान की मृत्यु कैसे हुई रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

   

सम्बंधित खबर